मुख्य ख़बरें

प्रशासन की ‘अनोखी’ पाठशाला: मौतों के बाद जागी व्यवस्था, ठेके के बाहर लगी डॉक्टरों की क्लास

सागर, यशभारत ।शराब पीने के बाद हुई दो मौतों की घटना के बाद प्रशासन ने एहतियाती और जागरूकता का एक अनोखा कदम उठाया है। बंडा की कंपोजिट देसी-अंग्रेजी शराब दुकान के बाहर स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और आबकारी अमले ने संयुक्त रूप से जागरूकता अभियान और स्वास्थ्य शिविर लगाया। एक ओर दुकान के बाहर रेट लिस्ट चस्पा थी, तो दूसरी ओर स्टेथोस्कोप और सफेद एप्रन पहने स्वास्थ्य कर्मियों के साथ पुलिस व आबकारी टीम की मौजूदगी दिनभर इलाके में चर्चा का विषय बनी रही।

कलेक्टर के निर्देश पर मेडिकल टीम ने संभाला मोर्चा

कलेक्टर दिलीपकुमार यादव के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. देवेश पटेरिया और बीएमओ डॉ. योगेन्द्र खटीक अपनी मेडिकल टीम व एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने शराब दुकान पर पहुंचे करीब 20 से 25 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें सुरक्षित आदतों को लेकर परामर्श दिया।

डॉक्टरों ने दी यह अहम सलाह

स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान डॉ. पटेरिया ने लोगों से संवाद करते हुए कहा कि शराब सेहत के लिए हानिकारक है, लेकिन यदि कोई व्यक्ति इसका आदी हो चुका है और लत नहीं छोड़ पा रहा है, तो कम से कम अपनी जान से खिलवाड़ न करे। उन्होंने प्रमुख रूप से ये हिदायतें दीं:

अवैध शराब से दूरी: गांव-गली, किराना दुकानों या अवैध ठिकानों से कच्ची या नकली शराब न खरीदें; हमेशा अधिकृत सरकारी दुकान से ही शराब लें।

खाली पेट सेवन से बचें: खाली पेट शराब पीने से शरीर को अधिक नुकसान पहुंच सकता है, इसलिए इससे बचें।

पौष्टिक डाइट जरूरी: शराब के सेवन के बाद अच्छा भोजन और पर्याप्त पौष्टिक खुराक लें, ताकि सेहत पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को कम किया जा सके।

शराब दुकान के बाहर अचानक डॉक्टरों और पुलिस-आबकारी टीम को देखकर शुरुआत में कई लोग घबरा गए, लेकिन अभियान का उद्देश्य स्पष्ट होने के बाद स्थिति सामान्य हो गई। जांच कराने वाले रमेश उर्फ पप्पू भैया ने कहा कि पहली बार दुकान के बाहर सख्ती के बजाय सेहत की जांच और सलाह मिली है। वहीं, स्थानीय निवासी लखन दाऊ ने चुटकी लेते हुए कहा कि यदि अहाते में चखने के साथ प्रोटीन डाइट और मल्टीविटामिन की भी व्यवस्था हो जाए, तो यह पहल और प्रभावी हो सकती है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श अभियान आगे भी जारी रहेंगे। इसके साथ ही अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई निरंतर चलती रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button