85 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले 27 विद्यार्थियों को मिली हवाई यात्रा की सौगात

जबलपुर,यश भारत। नगर निगम के स्कूलों में पढ़ने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू की पहल पर 27 विद्यार्थियों को हवाई यात्रा कराई जा रही है। दसवीं और बारहवीं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को इस पहल के तहत दो दिवसीय इंदौर भ्रमण का अवसर मिला है। उनके साथ पांच अभिभावक और शिक्षक भी जा रहे हैं।
महापौर ने बताया कि नगर निगम के पांचों स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड, प्रयोगशालाओं और नि:शुल्क कोचिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। विद्यार्थियों को बेहतर संसाधन देने के साथ सालभर शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।
महापौर के अनुसार, पहले वर्ष पांच विद्यार्थियों ने 85 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए थे। इसके बाद यह संख्या आठ और फिर 15 तक पहुंची। इस वर्ष नगर निगम के 22 विद्यार्थियों ने यह उपलब्धि हासिल की है। अन्य सरकारी स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को मिलाकर कुल 27 बच्चे इंदौर की यात्रा पर जा रहे हैं।
नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज ने बताया कि पिछले चार वर्षों से 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले नगर निगम के विद्यार्थियों को महापौर की ओर से हवाई यात्रा कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि संस्कारधानी के बच्चे प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर जाकर वहां हुए विकास कार्यों और महानगरीय व्यवस्थाओं को करीब से देख सकेंगे। इससे उन्हें नए अनुभव प्राप्त होंगे और उनकी सोच का दायरा बढ़ेगा।
रिंकू विज ने इस पहल के लिए महापौर के प्रति आभार जताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को आगे बढ़ने के लिए ऐसे अवसर लगातार मिलते रहने चाहिए। महापौर ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







