मध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

7 दिन बाद मिले 10 वर्षीय अभिषेक के हत्याकांड का पर्दाफाश : गला घोंटकर की मासूम की हत्या, शव खेत में फेंका; 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार,साक्ष्य छिपाने में मदद करने वाले दो अन्य आरोपी अब भी फरार

दमोह। तेजगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गूढ़ा में सात दिन पहले मिले 10 वर्षीय मासूम अभिषेक अहिरवार के क्षत-विक्षत शव के मामले में पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में गांव के ही 19 वर्षीय कमलेश अहिरवार को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने 10 नवंबर को ही अभिषेक की गला घोंटकर हत्या करना स्वीकार किया है। वहीं, साक्ष्य छिपाने में मदद करने वाले दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अभी शेष है।

पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर 2026 की शाम करीब 5:30 बजे ग्राम गूढ़ा निवासी अभिषेक अहिरवार (10), पिता बहादुर उर्फ लोकमन अहिरवार के लापता होने की सूचना पर तेजगढ़ थाने में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस लगातार बालक की तलाश कर रही थी। इसी बीच 16 नवंबर को गांव में एक खेत से बालक का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान लापता अभिषेक के रूप में हुई।

शव की हालत और घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 238(ए) बढ़ाई। मामला गंभीर और सनसनीखेज होने के चलते पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई तथा प्रशिक्षु डीएसपी शिवप्रसाद कंगाली को विवेचना की जिम्मेदारी सौंपी गई।

परिस्थितिजन्य साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया एवं एसडीओपी तेंदूखेड़ा अर्चना अहीर के मार्गदर्शन में पुलिस ने परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर गांव के ही कमलेश अहिरवार (19) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में कमलेश ने अभिषेक की गला घोंटकर हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड में दो अन्य व्यक्तियों की भूमिका भी सामने आई है, जिन्होंने मुख्य आरोपी को साक्ष्य छिपाने में मदद की थी। फिलहाल दोनों की गिरफ्तारी शेष है और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

पूरी कार्रवाई में प्रशिक्षु डीएसपी शिवप्रसाद कंगाली, तेजगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अरविंद सिंह, इमलिया चौकी प्रभारी रमाशंकर मिश्रा सहित तेजगढ़ थाना पुलिस एवं दमोह साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button