बड़ी खबर : सागर शराब त्रासदी : फिर मौत की मदिरा का कहर, ‘जहरीले’ घूंट ने बुझाए दो घरों के चिराग, तीसरे की सांसें बीएमसी में अटकीं… क्षेत्र में हड़कंप

सागर, यशभारत | जिले के बंडा क्षेत्र अंतर्गत शाहगढ़ ब्लॉक के ग्राम सैमरा रामचंद्र में दो ग्रामीणों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों की पहचान गांव निवासी कमलेश पिता नारायण लोधी और चंद्रभान पिता मुलायम लोधी के रूप में हुई है। इसी घटनाक्रम में शराब पीने के बाद गांव के ही एक अन्य व्यक्ति की भी तबीयत बिगड़ गई, जिसे गंभीर अवस्था में उपचार के लिए सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में भर्ती कराया गया है।
रात में साथ बैठकर पी थी शराब, सुबह नहीं उठे
परिजनों के अनुसार, कमलेश और चंद्रभान ने बीती रात एक साथ बैठकर शराब का सेवन किया था। इसके बाद दोनों खाना खाकर अपने-अपने बिस्तर पर सो गए, लेकिन सुबह जब परिजन उन्हें जगाने पहुँचे तो दोनों मृत अवस्था में मिले। ग्रामीणों के बीच जहरीली या मिलावटी शराब पीने से मौत होने की चर्चा तेजी से फैल गई है। प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि मृतक कमलेश स्वयं भी शराब बेचने का काम करता था। हालांकि, रात में पी गई शराब कहाँ से लाई गई थी और उसमें मिलावट थी या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।
अधिकारियों का पक्ष: क्रोनिक अल्कोहलिक थे मृतक
मामले में अधिकारियों का कहना है कि मृतक मजदूरी और खेती-किसानी का कार्य करते थे और लंबे समय से शराब पीने के आदी (क्रोनिक अल्कोहलिक) थे। जांच में दोनों की पुरानी मेडिकल हिस्ट्री भी सामने आई है, जिसमें एक मृतक के पूर्व में अस्पताल में भर्ती होने और पाइल्स की बीमारी से पीड़ित होने का उल्लेख है। प्रशासन और चिकित्सकों के अनुसार, पोस्टमार्टम (पीएम) रिपोर्ट और जब्त बोतल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
घटना की जानकारी मिलते ही आबकारी विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम तत्काल ग्राम सैमरा रामचंद्र पहुँची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों के बयान दर्ज किए और मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। टीम ने मृतकों द्वारा इस्तेमाल की गई शराब की बोतल को जब्त कर लिया है, जिसे परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है।
एक ग्रामीण बीएमसी में भर्ती, अवैध सप्लाई की भी जांच
एक साथ दो मौतों और एक अन्य ग्रामीण की तबीयत बिगड़ने के बाद ग्राम सैमरा रामचंद्र में दहशत का माहौल है। बीएमसी में भर्ती ग्रामीण की स्थिति पर डॉक्टरों की टीम नजर रखे हुए है। दूसरी ओर, आबकारी विभाग इस बिंदु पर भी जांच कर रहा है कि गांव में शराब की आवक कहाँ से हो रही थी।







