हत्या के प्रयास का आरोपी छुरी के साथ गिरफ्तार

हत्या के प्रयास का आरोपी छुरी के साथ गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। राजधानी के हनुमानगंज थाना ने पुरानी रंजिश के चलते युवक पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को घटना में इस्तेमाल धारदार छुरी के साथ धर दबोचा है।
मामला इब्राहिमगंज क्षेत्र का है, जहां बीते 27 सितंबर को पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने फरियादी पीयूष सोनी पर छुरी से जानलेवा हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल पीयूष सोनी की शिकायत पर थाना हनुमानगंज में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश सिंह भदौरिया के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए त्वरित कार्रवाई की और मुख्य आरोपी यश वर्मा उर्फ बंड (21 वर्ष), निवासी इब्राहिमगंज तथा उसके एक नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से वारदात में प्रयुक्त धारदार छुरी भी बरामद की गई है।







