मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जारी किया एमपी बोर्ड रिजल्ट 2026: बेटियों का जलवा बरकरार
बोर्ड परीक्षाओं में करीब 16 लाख छात्र-छात्राएं शामिल हुए

भोपाल,यशभारत। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमपी बोर्ड) द्वारा कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आधिकारिक रूप से रिजल्ट जारी किया। इस बार भी छात्राओं ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है। कक्षा 10वीं का कुल पास प्रतिशत 73.42% रहा, जबकि 12वीं का रिजल्ट पिछले 16 वर्षों में सबसे उत्कृष्ट माना जा रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में यह एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
स्टूडेंट्स माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्य प्रदेश (MPBSE) की आधिकारिक वेबसाइट mpbse.mponline.gov.in, mpbse.nic.in पर अपना हाई स्कूल रिजल्ट ऑनलाइन चेक कर सकते हैं।
इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में करीब 16 लाख छात्र-छात्राएं शामिल हुए। इनमें लगभग 9.07 लाख विद्यार्थियों ने 10वीं और करीब 7 लाख ने 12वीं की परीक्षा दी। प्रदेशभर में 3856 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से परीक्षाएं संपन्न कराई गईं। नकल रोकने के लिए इस बार प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए थे। फ्लाइंग स्क्वॉड, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और प्रश्नपत्र वितरण की वीडियोग्राफी जैसी व्यवस्थाएं लागू की गईं। इसके बावजूद करीब 100 नकल प्रकरण सामने आए, जिनमें मुरैना में सबसे अधिक 41 और भोपाल में 20 मामले दर्ज किए गए। रिजल्ट घोषित होते ही पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है। सफल छात्रों के घरों में जश्न मनाया जा रहा है, वहीं असफल छात्रों को भविष्य में और बेहतर करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह परिणाम प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में लगातार सुधार का संकेत है।







