देश

नगर निगम गेट पर 6 घंटे से चल रहा अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, मुख्य गेट पर जड़ा ताला, परिसर में फंसी महिला कर्मचारी और आम नागरिक

जिम्मेदार अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर उठे सवाल, विधायक संदीप जायसवाल भी पहुंचे प्रदर्शन स्थल

कटनी, यशभारत। वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक जैन के साथ नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते के कर्मचारियों द्वारा कथित अभद्रता के विरोध में शुरू हुआ अधिवक्ताओं का आंदोलन गुरुवार को गंभीर रूप लेता नजर आया। नगर निगम कार्यालय के सामने पांच घंटे से अधिक समय तक चले धरना-प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। हालात उस समय और बिगड़ गए, जब आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। इसके चलते निगम परिसर के भीतर मौजूद महिला कर्मचारी और अपने जरूरी कामों से पहुंचे आम नागरिक अंदर ही फंस गए। मुख्य गेट बंद होने से परिसर के भीतर भी असहज और तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई। प्रदर्शन स्थल पर देर शाम क्षेत्र के विधायक संदीप जायसवाल और वरिष्ठ पार्षद मिथलेश जैन भी पहुंचे। IMG 20261119 WA1135

एक ओर नगर निगम के बाहर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही, वहीं दूसरी ओर निगम परिसर के भीतर मौजूद कर्मचारी और नागरिक बाहर निकलने के लिए परेशान होते रहे। शहर के प्रमुख मार्ग पर लगे लंबे जाम का सबसे ज्यादा खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ा। दोपहर में स्कूलों की छुट्टी के बाद घर लौट रहे मासूम बच्चे घंटों जाम में फंसे रहे। महिलाएं, बुजुर्ग, राहगीर और अस्पताल जाने वाले मरीज व उनके परिजन भी आवागमन बाधित होने से हलकान होते रहे। पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल नगर निगम और जिला प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका को लेकर खड़ा हुआ। पांच घंटे से अधिक समय तक शहर की यातायात व्यवस्था बाधित रहने और निगम परिसर में तालाबंदी जैसी स्थिति बनने के बावजूद वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की मौके पर मौजूदगी नजर नहीं आई। कलेक्टर, एडीएम, एसडीएम और तहसीलदार जैसे जिम्मेदार अधिकारियों की गैरमौजूदगी को लेकर भी सवाल उठने लगे। वहीं निगम आयुक्त तपस्या परिहार की ओर से भी प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचकर संवाद स्थापित करने और गतिरोध समाप्त कराने की पहल अपेक्षित रही। जानकारों का मानना है कि ऐसे संवेदनशील हालात में प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से बातचीत करनी चाहिए थी, ताकि विवाद का समाधान निकालने के साथ ही आम नागरिकों को हो रही परेशानी से बचाया जा सके। कार्यालय में बैठकर स्थिति पर नजर रखने के बजाय मौके पर मौजूद रहकर कानून-व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं की निगरानी करना अधिक जरूरी था।

अधिवक्ताओं के विरोध के तरीके पर भी चर्चा

अधिवक्ताओं की प्रमुख मांग अतिक्रमण शाखा के प्रभारी मानवेन्द्र सिंह को तत्काल पद से हटाने की है। हालांकि, इस विरोध प्रदर्शन के तरीके को लेकर भी शहर में चर्चा शुरू हो गई है। अधिवक्ता समाज को समाज का प्रबुद्ध और जिम्मेदार वर्ग माना जाता है। ऐसे में मुख्य मार्ग पर चक्काजाम और नगर निगम के मुख्य गेट पर तालाबंदी से स्कूली बच्चों, महिलाओं, मरीजों और आम नागरिकों को हुई परेशानी पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि विरोध दर्ज कराने के लिए अन्य प्रभावी तरीके अपनाए जा सकते थे, जिससे शहर की सामान्य व्यवस्था प्रभावित नहीं होती। गौरतलब है कि पूरे विवाद की शुरुआत सोमवार शाम घंटाघर क्षेत्र में कबाड़ कारोबारियों के खिलाफ नगर निगम की अतिक्रमण कार्रवाई के दौरान हुई थी। इस दौरान अतिक्रमण प्रभारी मानवेन्द्र सिंह और वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक जैन के बीच विवाद हो गया था। अधिवक्ताओं का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इसी घटना के विरोध में मंगलवार को भी अधिवक्ताओं ने नगर निगम का घेराव कर अपना आक्रोश जताया था। गुरुवार को यही विरोध उग्र प्रदर्शन और चक्काजाम में तब्दील हो गया। हालात बिगड़ने के बीच मौके पर पुलिस बल तैनात रहा, लेकिन समाचार लिखे जाने तक धरना-प्रदर्शन और गतिरोध समाप्त होने की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी थी।IMG 20261119 WA1104 IMG 20261119 WA1009 IMG 20261119 WA0784

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button