
प्रयागराज में शुक्रवार देर रात एक ही परिवार के 5 लोगों की हत्या कर दी गई। वारदात नवाबगंज थाना क्षेत्र के खागलपुर गांव की है। पत्नी और 3 बेटियों को धारदार हथियार से मौत के घाट उतारा गया है। वहीं, पति का शव आंगन के जाल से फांसी पर लटका मिला। पति के शरीर पर हथियार के जख्म तो नहीं हैं, लेकिन हाथ और बनियान पर खून के छीटें मिले हैं। दरवाजे पर खून से सना चापड़ मिला है।
मृतकों की शिनाख्त पति राहुल तिवारी (42), पत्नी प्रीति (38) और तीन बेटी माही, पीहू और पोहू के रूप में हुई है। पुलिस को आशंका है कि पति ने पहले पत्नी और 3 बेटियों की हत्या की। इसके बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी। वहीं, मृतक राहुल की बहन का आरोप है कि उसका ससुराल वालों से काफी विवाद चल रहा है। ससुराल वालों ने ही हत्या को अंजाम दिया है।
दो पन्ने का मिला सुसाइड नोट
SSP अजय कुमार ने कहा कि घर से दो पन्ने का सुसाइड नोट बरामद हुआ है। नोट में ससुराल पक्ष पर आरोप लगाते हुए उन्हें घटना का कारण बताया है। साथ ही ससुराल पक्ष से मकान और खेत का विवाद भी बताया है। ससुराल पक्ष और उनसे संबंधित लोगों के नाम भी लिखे हैं। इस पूरे प्रकरण में मृतक के बड़े भाई की तहरीर पर चार लोगों को नामजद किया गया है।







