पनागर के सामुदायिक प्रशिक्षण केंद्र में लगी भीषण आग,कंप्यूटर एवं फाईलों सहित अन्य सामग्री जलकर राख
शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग

जबलपुर यशभारत। जिले पनागर स्थित सामुदायिक प्रशिक्षण केंद्र में आज सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से केंद्र में रखे कंप्यूटर, फर्नीचर, दस्तावेज एवं अन्य प्रशिक्षण सामग्री जलकर राख हो गई। घटना के समय केंद्र के आसपास मौजूद लोगों ने धुआं और आग की लपटें उठती देख तत्काल इसकी सूचना नगर पालिका परिषद के दमकल विभाग एवं स्थानीय प्रशासन को दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार आग संभवतः शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। केंद्र में मौजूद कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक केंद्र के अंदर रखा कंप्यूटर सिस्टम सीसीटीवी कैमरे की केबल फाइल पंखा सहित अन्य सामान पूरी तरह जल चुका था।

जानकारी के मुताबिक आग इतनी भीषण थी कि दूर तक धुआं दिखाई दे रहा था। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आगजनी की घटना से प्रशिक्षण गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैंमामले की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।







