बिना कागजात दौड़ रहा था 96 लाख की शराब से लदा आयशर ट्रक, रायसेन की डिस्टिलरी से जुड़ी मिली पेटियां, मंडीदीप का चालक गिरफ्तार

बिना कागजात दौड़ रहा था 96 लाख की शराब से लदा आयशर ट्रक, रायसेन की डिस्टिलरी से जुड़ी मिली पेटियां, मंडीदीप का चालक गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। राजधानी में बिना वैध दस्तावेजों के अवैध शराब की बड़ी खेप के परिवहन का मामला सामने आया है। निशातपुरा पुलिस ने बुधवार रात पीपुल्स मॉल के पास एक आयशर ट्रक को रोककर ब्लैक फोर्ट प्रीमियम रम की 1075 पेटियां जब्त की हैं, जिनकी कीमत करीब 96 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने शराब के साथ-साथ करीब 20 लाख रुपये कीमत के ट्रक को भी जब्त कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर की रात वायरलेस सेट पर गांधी नगर से करोंद की ओर एक तेज रफ्तार ट्रक जाने की सूचना प्रसारित हुई थी। इस पर निशातपुरा पुलिस की टीम ने करोंद चौराहे पर ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक नहीं रुका और आगे बढ़ गया। रास्ते में आधार अस्पताल के पास ट्रक ने एक कार को टक्कर भी मारी। इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा करते हुए पीपुल्स मॉल के पास ट्रक को रोक लिया।
तलाशी के दौरान ट्रक में 90 एमएल, 180 एमएल और 750 एमएल की कुल 1075 पेटियों में लगभग 9700 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब मिली। शराब के क्रय, विक्रय या परिवहन से संबंधित कोई दस्तावेज न मिलने पर पुलिस ने मंडीदीप निवासी चालक राम किशन बमोरिया पिता कन्छेदी लाल उम्र 38 वर्ष को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की।
जब्त शराब की प्रत्येक पेटी पर सोम डिस्टिलरीज एंड ब्रुअरीज लिमिटेड, ग्राम रोजराचक, जिला रायसेन दर्ज पाया गया है। निशातपुरा पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बिना कागजात इतनी बड़ी खेप कहां से निकली, किसके लिए लाई जा रही थी और इस पूरे परिवहन में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।







