हिरण नदी में मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके में फैली सनसनी
पहचान कराने में जुटी पुलिस, मौत के कारणों का नहीं चला पता

जबलपुर यशभारत। जिले के गोसलपुर थाना क्षेत्र में हिरण नदी में एक अज्ञात 28 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। नदी में शव उतराता देखकर स्थानीय लोगों में कौतूहल और दहशत का माहौल बन गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
जानकारी मिलते ही गोसलपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल
का जायजा लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को नदी से बाहर निकलवाया। प्रारंभिक स्तर पर मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। युवक कौन है और वह हिरण नदी तक किन परिस्थितियों में पहुंचा, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की और उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
आसपास के गांवों एवं थानों में भी युवक के हुलिए के आधार पर जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि मृतक के परिजनों का पता लगाया जा सके।
हत्या, हादसा या आत्महत्या जांच के बाद होगा खुलासा
नदी में युवक का शव मिलने के बाद उसकी मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि युवक की मौत पानी में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।







