विजयराघवगढ़ में भी दर्दनाक अग्निकांड: मकान में आग लगने से साले की मौत, जीजा गंभीर रूप से झुलसे, जबलपुर रेफर
मोटरसाइकिल में लगी आग घर तक पहुंची, दम घुटने से गई युवक की जान; बचाने की कोशिश में बहनोई भी झुलसे

कटनी/विजयराघवगढ़, यशभारत। विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के देवसरी इंदौर में रविवार सुबह शॉर्ट सर्किट के कारण हुए अग्निकांड में झुलसे एक युवक की इलाज के लिए नागपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। आग लगने के बाद साले को बचाने का प्रयास कर रहे उसके बहनोई गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को आग में झुलसने की बाद कटनी के धर्मलोक अस्पताल लाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जबलपुर रेफर कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान प्रद्युम्न पटेल पिता रामनिवास पटेल के रूप में हुई है। वह अपने बहनोई संदीप पटेल के साथ घर में सो रहे थे। बताया जाता है कि शनिवार सुबह घर के बाहर बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट होने से निकली चिंगारी वहां खड़ी मोटरसाइकिल पर जा गिरी। देखते ही देखते मोटरसाइकिल में आग लग गई। बाइक में पेट्रोल होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। इसी दौरान प्रद्युम्न ने घर का दरवाजा खोला तो आग तेजी से अंदर की ओर फैल गई। आग में झुलसने से प्रद्युम्न और जीजा संदीप पटेल झुलस गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल साले जीजा को तत्काल विजयराघवगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कटनी के धर्मलोक अस्पताल रेफर किया गया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जबलपुर भेज दिया। विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि प्रद्युम्न को जबलपुर से नागपुर ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। जीजा मेडिकल जबलपुर में इलाजरत है। इस दर्दनाक हादसे से परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना ने एक बार फिर बिजली के तारों और शॉर्ट सर्किट से होने वाले हादसों के खतरे को उजागर कर दिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।








