नियमित नियुक्ति और वेतनमान के नाम पर 50 हजार की रिश्वत मांगने वाला छात्रावास अधीक्षक गिरफ्तार

रीवा, यशभारत। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) रीवा की टीम ने सीधी जिले के पतुलखी स्थित शासकीय सीनियर आदिवासी बालक छात्रावास के अधीक्षक रामदरश द्विवेदी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने आवेदक की नियमित नियुक्ति और नियमित वेतनमान का लाभ दिलाने के एवज में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग कमलेश कुमार पाण्डेय के नाम पर 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसमें नियमितीकरण के बाद मिलने वाली एरियर राशि का आधा हिस्सा देने की मांग भी शामिल थी।
EOW के अनुसार, फरियादी सुरेश प्रसाद द्विवेदी निवासी ग्राम डड़िया, जिला सीधी, वर्ष 1995 से जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत दैनिक वेतनभोगी के रूप में कार्यरत हैं। वर्ष 2016 से वे अस्थायी कर्मी के रूप में जलवाहक के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने नियमित नियुक्ति और नियमित वेतनमान का लाभ पाने के लिए सहायक आयुक्त कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया था।
आरोप है कि इस काम को कराने के एवज में छात्रावास अधीक्षक रामदरश द्विवेदी ने सहायक आयुक्त कमलेश कुमार पाण्डेय के लिए 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। परेशान होकर फरियादी ने EOW रीवा में शिकायत की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद टीम ने 12 नवंबर 2026 को जाल बिछाया और पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये लेते ही छात्रावास अधीक्षक को दबोच लिया।
EOW ने मामले में सहायक आयुक्त कमलेश कुमार पाण्डेय और छात्रावास अधीक्षक रामदरश द्विवेदी के विरुद्ध धारा 61(2) बीएनएस एवं भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की संशोधित धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रभा किरण किरो सहित निरीक्षक हरिश त्रिपाठी और अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।







