कटनी

नहाए-खाए से शुरू होगा सूर्य उपासना का महापर्व छठ, महिलाओं ने शुरू की व्रत की तैयारी, बाबाघाट, छपरवाह, कटायेघाट सहित अन्य घाटों पर सफाई अभियान

कटनी, यशभारत। दीपावली के बाद अब छठ पर्व को लेकर शहर के घाटों पर रौनक बढऩे लगी है। सूर्य उपासना और लोक आस्था का महापर्व छठ आज शुक्रवार से नहाए खाए के साथ शुरू होगा। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। प्रमुख घाटों पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई है। बाबाघाट, छपरवाह घाट, कटायेघाट और बजरंग कॉलोनी स्थित नदी घाट पर साफ सफाई, प्रकाश व्यवस्था और रंग रोगन सहित अन्य व्यवस्थाएं की जा रही है, ताकि व्रतधारियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। दूसरी ओर घरों में भी पूजन सामग्री जुटाने और प्रसाद की तैयारी का सिलसिला शुरू हो गया है। छठ पर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय.खाय की परंपरा के साथ होगी। इस दिन व्रती महिलाएं पवित्र स्नान कर सात्विक भोजन ग्रहण करेंगी और नियम संयम के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान शुरू करेंगी। शनिवार को खरना की परंपरा निभाई जाएगी। इस दिन व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को पूजा अर्चना कर गुड़ की खीर और रोटी सहित पारंपरिक प्रसाद ग्रहण करेंगी। इसके बाद निर्जला व्रत शुरू होगा। 15 नवंबर को व्रती महिलाएं परिवार और अन्य श्रद्धालुओं के साथ घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्धय अर्पित करेंगी। 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को दूसरा अध्य दिया जाएगा। इसके साथ ही व्रत का समापन होगा। छठ पर्व में सूर्य देव के साथ छठी मइया की आराधना की जाती है। परिवार की सुख समृद्धि संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना के साथ श्रद्धालु पूरे विधि-विधान से पूजा करते हैं।
घाटों में छठ की रौनक
एनकेजे, गायत्री नगर, एसकेपी कॉलोनी, रेलवे कॉलोनी और रोशनगर सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में छठ पर्व की तैयारियां चल रही हैं। व्रती महिलाएं पूजा के लिए फल, सूप, दउरा और अन्य पूजन सामग्री की व्यवस्था में जुटी हैं। परिवार के सदस्य भी तैयारियों में सहयोग कर रहे हैं। पर्व के दौरान घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button