
यश भारत की खबर का असर: पराली प्रबंधन को लेकर खुद मैदान में उतरे कलेक्टर
जबलपुर, यश भारत खेतों में पराली (फसल अवशेष) प्रबंधन को लेकर यश भारत की खबरों का अब बड़ा असर देखने को मिला है। प्रशासनिक सुस्ती और संसाधनों की कमी पर सवाल उठने के बाद जिला कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा खुद एक्शन मोड में नजर आए और गुरुवार को मैदानी निरीक्षण के लिए निकल पड़े। उन्होंने पनागर विकासखंड के ग्राम उमरिया चौबे और ग्राम नुनिया कला पहुंचकर पराली प्रबंधन के कार्यों का जायजा लिया।

ट्रैक्टर पर बैठकर देखी प्रक्रिया, किसानों से की चर्चा
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने खेतों का भ्रमण कर फसल कटाई के बाद बचने वाले अवशेषों के प्रबंधन के कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खेत में स्वयं ट्रैक्टर पर बैठकर बेलर यूनिट से पराली संग्रहण के कार्य को करीब से देखा तथा सुपर सीडर एवं हैप्पी सीडर के माध्यम से बिना पराली जलाए बोनी किए जाने की प्रक्रिया का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसानों से सीधे चर्चा कर पराली प्रबंधन के लिए अपनाई जा रही तकनीकों और उनके अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को समझाइश दी कि पराली जलाने से खेत की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती है और पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचता है। फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन कर आधुनिक कृषि यंत्रों के माध्यम से बिना पराली जलाए अगली फसल की बोनी की जा सकती है।
कृषि यंत्र संचालकों और अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
कलेक्टर ने मौके पर मौजूद बेलर यूनिट एवं कृषि यंत्र संचालकों से भी संवाद किया। इस दौरान किसानों और संचालकों ने कृषि कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की समय पर उपलब्धता तथा खेतों में नमी की स्थिति के अनुसार बोनी करने में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों से उन्हें अवगत कराया।
किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे कृषक संगठनों के साथ बैठक कर किसानों की समस्याओं पर चर्चा करें और उनके समाधान के लिए समन्वित प्रयास करें। उन्होंने किसानों को पराली प्रबंधन के लिए समय पर बेलर यूनिट उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। कलेक्टर ने कहा कि किसानों की बोनी समय पर सुनिश्चित करने के साथ फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन भी जरूरी है। इसके लिए किसानों, कृषि विभाग और कृषि यंत्र संचालकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए ताकि खेती को लाभकारी बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को भी हासिल किया जा सके। निरीक्षण के दौरान ग्रामीण एसडीएम कलावती ब्यारे, कृषि यंत्री जीसी मर्सकोले, कृषि उप संचालक उमेश कटहरे तथा संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।







