कटनी

बरही अग्निकांड के विरोध में पूरी तरह बंद रहा बरही, 6 लोगों की दर्दनाक मौत के बाद फूटा जनाक्रोश, व्यापारियों ने नहीं खोले दुकानों के ताले, दोषी अधिकारियों की जवाबदेही, एफआईआर और बर्खास्तगी की मांग

बरही/कटनी, यशभारत। दीपावली की रात बरही नगर में हुए हृदयविदारक अग्निकांड में अग्रवाल परिवार के छह सदस्यों की जिंदा जलकर मौत के मामले ने अब जनाक्रोश का रूप ले लिया है। घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज नगरवासियों और व्यापारियों ने आज गुरुवार को बरही बंद का आव्हान किया। बंद के समर्थन में व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठानों के ताले नहीं खोले। होटल से लेकर मेडिकल स्टोर्स तक बंद रहे और पूरा बरही नगर बंद नजर आया। नगरवासियों एवं व्यापारियों में सरकारी व्यवस्था और प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर गहरी नाराजगी देखी गई। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि अग्निकांड के दौरान राहत एवं बचाव कार्य में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए। उनके विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कर सेवा से बर्खास्त करने जैसी कठोर कार्रवाई की जाए। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते प्रशासनिक अमला सक्रिय होता और राहत बचाव के पर्याप्त इंतजाम किए जाते तो छह अनमोल जिंदगियों को बचाया जा सकता था। गौरतलब है कि दीपावली की रात बरही नगर के पूरन अग्रवाल के तीन मंजिला दुकान एवं आवासीय भवन में भीषण आग भडक़ उठी थी। इस दर्दनाक हादसे में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला अग्रवाल, बहू सोनम अग्रवाल, दो माह का मासूम अर्विश्, 12 वर्षीय आर्या और 6 वर्षीय अन्वी की मौत हो गई थी।
होटल और मेडिकल स्टोर्स भी रहे बंद
गुरुवार सुबह से ही नगर में बंद का व्यापक असर देखने को मिला। व्यापारियों ने अपनी दुकानों के शटर नहीं खोले। होटल संचालकों और मेडिकल स्टोर संचालकों ने भी बंद का समर्थन करते हुए अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। आवश्यक सेवाओं से जुड़े प्रतिष्ठानों के बंद रहने से भी नगर में बंद का असर साफ दिखाई दिया। छह लोगों की असमय मौत से आहत नगरवासी अब केवल आश्वासनों से संतुष्ट होने को तैयार नहीं हैं। उनकी मांग है कि इस हृदयविदारक हादसे की निष्पक्ष जांच हो। लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों को चिह्नित किया जाए और उनके विरुद्ध जवाबदेही तय करते हुए ठोस कार्रवाई की जाए।
9 घंटे तक जिम्मेदारों की गैर मौजूदगी पर उठे सवाल
हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य के दौरान करीब नौ घंटे तक स्थानीय एवं जिला स्तर के जिम्मेदार अधिकारियों की अनुपस्थिति को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार मौके पर बरही थाना के दो कर्मचारी, नगर परिषद के दमकल प्रभारी तीरथ चतुर्वेदी और नगर परिषद अध्यक्ष पीयूष अग्रवाल के अलावा अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की मौजूदगी नहीं रही। इसी कथित प्रशासनिक उदासीनता को लेकर अब लोगों का गुस्सा सडक़ों पर दिखाई दे रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button