मुख्य ख़बरें

बाप नंबरी, बेटा दस नंबरी : देशी पिस्टल लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार ; पिता की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस को देखकर भागा आरोपी पिता,35 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी

सिवनी यश भारत । सिवनी शहर में अवैध हथियार लेकर घूम रहे असामाजिक तत्वों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक 19 वर्षीय युवक को देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान उसने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। पीछा करने के दौरान प्रधान आरक्षक नवीन तिवारी के दाहिने पैर और दोनों हाथों में चोटें आईं, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और पिस्टल लेकर भाग रहे युवक को पकड़ लिया। मामले में पुलिस अब आरोपी के पिता की तलाश कर रही है, जिसके पास दो जिंदा कारतूस होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर मुखबिर से सूचना मिली थी कि रानी दुर्गावती वार्ड में अशोक किराना दुकान के पास एक युवक अवैध देशी पिस्टल लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर युवक की तलाश शुरू की। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा कर घेराबंदी की और आखिरकार उसे पकड़ लिया।

तलाशी लेने पर युवक के पास से स्टील धातु से निर्मित एक देशी पिस्टल और खाली मैगजीन बरामद हुई। पूछताछ में उसकी पहचान मदन उर्फ बादल यादव (19), निवासी रानी दुर्गावती वार्ड के रूप में हुई। आरोपी ने पुलिस को बताया कि पिस्टल उसके पिता अजय उर्फ अज्जू कोष्टा ने खरीदकर लाई थी और दो जिंदा कारतूस भी उनके पास हैं।

पिता पर दर्ज हैं 35 से अधिक अपराध

इस मामले का एक अहम पहलू यह है कि पुलिस के अनुसार आरोपी का पिता अजय उर्फ अज्जू कोष्टा (45) थाना क्षेत्र का सक्रिय निगरानी बदमाश है। उसके खिलाफ पूर्व से चोरी, नकबजनी और मारपीट सहित 35 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी है। पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि पिस्टल कहां से खरीदी गई थी और इसका इस्तेमाल किसी आपराधिक वारदात में तो नहीं किया जाना था।

कोतवाली पुलिस ने मदन और अजय के विरुद्ध धारा 25/27 आर्म्स एक्ट एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन तथा एएसपी दीपक मिश्रा और सीएसपी चंचलेश मरकाम के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सतीश तिवारी सहित पुलिस टीम की भूमिका रही। 

शहर में अवैध हथियारों की मौजूदगी को लेकर यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुलिस की जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि हथियार का स्रोत क्या है और इसके पीछे कोई अन्य नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button