10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के स्वच्छता सर्वेक्षण पुरस्कार,देश में जबलपुर ने पाया दूसरा स्थान

जबलपुर, यशभारत / देश भर में 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के स्वच्छता सर्वेक्षण पुरस्कार के मामले में जबलपुर ने बाजी मारते हुए दूसरा स्थान प्राप्त कर अपनी विशिष्टता साबित की है। यह पुरस्कार आज शाम नई दिल्ली के एक गरिमामय समारोह में जबलपुर के महापौर जगतबहादुर सिंह अन्नू , नगर निगम के तत्कालीन कमिश्नर रामप्रसाद अहिरवार एवं वर्तमान कमिश्नर अग्रिम कुमार सहित पूरी टीम ने प्राप्त करेगी। देश भर के 4,909 शहरों ने स्वच्छता सर्वेक्षण पुरस्कारों के लिये अपनी दावेदारी प्रस्तुत की थी। जिसमें मध्य प्रदेश के कई शहरों ने अलग-अलग कैटेगरी में पुरस्कार प्राप्त किये हैं।
स्वच्छता के नये प्रमुख शहरों (जिनकी आबादी 10 लाख से अधिक है), में जहां विशाखापट्टनम ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं जबलपुर इस प्रमुख वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त करने में सफल रहा। इससे पूर्व इतना उच्च पुरस्कार जबलपुर के खाते में नहीं आया था। लखनऊ जैसा महानगर इस कैटेगरी में जबलपुर से पिछड़ कर तीसरे स्थान पर रहा।
म.प्र. के अन्य शहर इंदौर, भोपाल, देवास, उज्जैन, बुधनी, ग्वालियर, रीवा व सागर ने भी अन्य कैटेगरी से पुरस्कार प्राप्त किये हैं। इन शहरों की टीमों को आज दिल्ली में मध्यप्रदेश हाउस में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने बधाई दी।इस गरिमामय पुरस्कार को प्राप्त करने के लिये महापौर जगतबहादुर सिंह अन्नू , तत्कालीन महापौर रामप्रसाद अहिरवार, वर्तमान कमिश्नर अग्रिम कुमार एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम नई दिल्ली पहुंच रही है। जहां महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू यह पुरस्कार प्रदान करेगी। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री के साथ-साथ जबलपुर के सभी गणमान्य नागरिकों ने बधाई दी है।







