मुख्य ख़बरें

वनांचल का गौरव: राष्ट्रीय पटल पर चमका विकास मॉडल, जापान की आधुनिक कार्यप्रणाली का अध्ययन करेंगी कलेक्टर

यशभारत, डिंडोरी ।डिंडौरी जिले के लिए गौरव की बात है कि कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया का चयन जापान में आयोजित विदेश अध्ययन भ्रमण के लिए किया गया है। आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन और विभिन्न विकास सूचकांकों में उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें यह अवसर मिला है। नीति आयोग और जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) के संयुक्त सहयोग से 15 से 21 नवंबर 2026 तक यह अध्ययन भ्रमण आयोजित किया जाएगा।

इस विदेश अध्ययन भ्रमण के लिए देशभर से चयनित 22 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे। इस प्रतिनिधिमंडल में डिंडौरी कलेक्टर का चयन जिले में संचालित विकास कार्यों और प्रशासनिक प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान के रूप में देखा जा रहा है।

बजाग, करंजिया और मेहंदवानी में विकास कार्यों को मिली पहचान

डिंडौरी जिले के आकांक्षी विकासखंड बजाग, करंजिया और मेहंदवानी में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, वित्तीय समावेशन तथा बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को इस उपलब्धि का महत्वपूर्ण आधार माना गया है। इसके साथ ही बैगाचक क्षेत्र में विशेष पिछड़ी बैगा जनजाति के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए संचालित PVTG Super-60 कार्यक्रम के तहत किए जा रहे प्रयास भी उल्लेखनीय हैं।

जापान की आधुनिक कार्यप्रणाली का करेंगी अध्ययन

अध्ययन भ्रमण के दौरान प्रतिनिधिमंडल जापान में सुशासन, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, कृषि, ग्रामीण विकास, लोक सेवा प्रदायगी और स्थानीय शासन से जुड़ी आधुनिक व्यवस्थाओं एवं नवाचारों का अध्ययन करेगा। इस दौरान प्राप्त अनुभवों और बेहतर कार्यप्रणालियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लागू करने की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा।

कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया का जापान अध्ययन भ्रमण के लिए चयन डिंडौरी जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे जिले में संचालित विकास योजनाओं और विशेषकर आदिवासी बहुल क्षेत्रों में विकास के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने का अवसर मिला है। उम्मीद की जा रही है कि जापान से प्राप्त अनुभव जिले की विकास योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक साबित होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button