भीषण हादसा: गोपालगंज के झंडा चौक के पास मकान में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी…. देखें पूरे वीडियो

दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर, आग पर काबू पाने के प्रयास जारी
सागर, यशभारत l शहर के गोपालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत झंडा चौक के पास मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक रिहायशी मकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें और धुएं का गुबार उठने लगा, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग लगने का सटीक कारण फिलहाल अज्ञात बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। सूचना मिलते ही गोपालगंज थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीमें दलबल के साथ मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों द्वारा मुस्तैदी के साथ आग बुझाने का राहत कार्य शुरू कर दिया गया है और लपटों पर जल्द से जल्द काबू पाने के प्रयास जारी हैं।
प्रारंभिक स्तर पर आग से हुए कुल नुकसान और किसी जनहानि या हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि स्थिति को नियंत्रित करने के बाद आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।







