मध्य प्रदेशमुख्य ख़बरेंराज्य

छपारा अग्निकांड में 6 की दर्दनाक मौत के बाद न्यायिक जांच के आदेश : मुख्यमंत्री ने परिजनों से फोन पर की बात,4-4 लाख की सहायता राशि की घोषणा… देखें पूरा वीडियो

सिवनी यश भारत। सिवनी जिले के छपारा के महावीर वार्ड स्थित जैन मोहल्ले में दीपावली की रात जिस घर में खुशियों के दीप जल रहे थे, वहां कुछ ही घंटों बाद ऐसा अंधेरा छाया कि पूरे क्षेत्र की आंखें नम हो गईं। सोमवार तड़के करीब 3 बजे सर्राफा व्यापारी कुंदन लाल सोनी के तीन मंजिला मकान में लगी भीषण आग ने एक ही परिवार के छह सदस्यों की जिंदगी छीन ली। हादसे के समय मकान में परिवार के कुल 10 सदस्य मौजूद थे। इनमें से चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि छह लोगों की दम घुटने और आग में झुलसने से दर्दनाक मौत हो गई।

इस हृदयविदारक घटना ने पूरे छपारा को झकझोर दिया है। दीपावली की रात परिवार ने जिस उत्साह से त्योहार मनाया था, सुबह होते-होते वही घर चीख-पुकार और मातम का केंद्र बन गया। पड़ोसी युवती श्रुति गुप्ता ने बताया कि रात में कुंदन लाल सोनी का परिवार दीपावली की खुशियां मना रहा था, लेकिन सुबह करीब चार बजे तक खुशियां मातम में बदल चुकी थीं।

तीन मंजिला मकान में तेजी से फैली आग, बाहर निकलने का नहीं मिला मौका

प्राप्त जानकारी के अनुसार कुंदन लाल सोनी के मकान में तड़के अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार के सदस्यों को संभलने और बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिला। बताया जा रहा है कि मकान के कई कमरों में ताले लगे हुए थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चार लोगों की मौत दमघोंटू धुएं के कारण हुई, जबकि दो लोगों ने आग में झुलसने के बाद दम तोड़ दिया। पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट से लगने की आशंका है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपारा के खंड चिकित्सा अधिकारी तामसिंग इनवाती ने बताया कि छह मृतकों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। जलने से कम और दम घुटने से अधिक उनकी मौत हुई।

छह लोगों की मौत से उजड़ा परिवार, दो अंतिम संस्कार का इंतजार

इस अग्निकांड में जान गंवाने वालों में कुंदन लाल सोनी (75), उनकी पत्नी राजकुमारी सोनी (65), ऋतु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और 16 वर्षीय आदित्य सोनी शामिल हैं।

वहीं, अमायरा सोनी (7), रितेश सोनी (45), सौरभ सोनी (43) और आकर्ष सोनी (14) को मकान से बाहर निकालकर बचाया गया। हादसे में घायल चारों लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

परिवार के छह सदस्यों की एक साथ मौत ने रिश्तेदारों और परिचितों को गहरे सदमे में डाल दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। इनमें से कुंदन लाल सोनी, राजकुमारी सोनी, स्मृति सोनी और सूर्या सोनी का अंतिम संस्कार किया गया, जबकि ऋतु सोनी और किशोर आदित्य सोनी के अंतिम संस्कार आज किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने फोन पर जताया दुख, 24 लाख रुपये की सहायता घोषित

घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर अंजू अरुण कुमार, पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी, स्थानीय विधायक दिनेश राय मुनमुन सहित प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। विधायक दिनेश राय मुनमुन ने मृतक कुंदन लाल सोनी के बेटे सौरभ सोनी की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से फोन पर बात कराई। मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से प्रत्येक मृतक के लिए चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। इस तरह छह मृतकों के लिए कुल 24 लाख रुपये की सहायता घोषित की गई है।

न्यायिक जांच से सामने आएगी लापरवाही की हकीकत

कलेक्टर अंजू अरुण कुमार ने पूरे घटनाक्रम की न्यायिक जांच कराने की बात कही है। वहीं, पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि आग लगने की घटना की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका प्रतीत हो रही है, लेकिन वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा।

यह घटना केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि पूरे नगर की आपातकालीन व्यवस्थाओं के लिए चेतावनी है। दीपावली पर जिस घर में खुशियों के दीप जल रहे थे, वहां आज छह जिंदगियों के बुझ जाने से सन्नाटा पसरा है।अब नगरवासियों की निगाहें न्यायिक जांच पर टिकी हैं, ताकि हादसे की असली वजह के साथ-साथ जिम्मेदारी भी तय हो सके और भविष्य में किसी दूसरे परिवार को ऐसी भयावह त्रासदी का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button