साले के साथ नहाने गए शिक्षक की तालाब में डूबने से मौत : 6 घंटे बाद एसडीआरएफ ने निकाला शव, गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा; पुलिस जांच में जुटी

डिंडोरीl मेंहदवानी थाना क्षेत्र के खजरवारा गांव में शनिवार सुबह तालाब में नहाने गए एक शिक्षक की डूबने से मौत हो गई। शिक्षक अपने साले और उसके दोस्त के साथ तालाब पहुंचे थे। नहाते समय तीनों गहरे पानी में चले गए। साले और उसका दोस्त तैरकर बाहर निकल आए, लेकिन शिक्षक पानी से बाहर नहीं आ सके। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने करीब चार घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाकर शव बाहर निकाला। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
एक दिन पहले ही ससुराल पहुंचे थे शिक्षक
जानकारी के अनुसार बरई प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षक सिद्धू सिंह की ससुराल खजरवारा गांव में शिवलाल मरकाम के यहां है। वे शुक्रवार को ही ससुराल आए थे। शनिवार सुबह करीब 9 बजे वे अपने साले इंदर सिंह और उसके साथी माखन परस्ते के साथ गांव के तालाब में नहाने गए थे।
नहाते समय तीनों गहरे पानी में चले गए। इस दौरान इंदर सिंह और माखन परस्ते किसी तरह तैरकर तालाब से बाहर निकल आए, लेकिन सिद्धू सिंह पानी में डूब गए। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
दोपहर करीब 12 बजे एसडीआरएफ की टीम ने तालाब में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद शाम 4 बजे शिक्षक का शव बाहर निकाला जा सका। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
मेंहदवानी थाना प्रभारी बसंत गौलिया ने बताया कि मर्ग कायम कर लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।







