मुख्य ख़बरें

दर्दनाक हादसा: मोटरसाइकिल के पिछले टायर में फंसा महिला का दुपट्टा : सड़क पर गिरते ही मौत, दामाद गंभीर घायल

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत मानकसर्रा गांव में बुधवार शाम करीब 5 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मोटरसाइकिल पर सवार दामाद गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब महिला का दुपट्टा अचानक मोटरसाइकिल के पिछले पहिए में फंस गया। दुपट्टा पहिए में उलझने से महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह चलती मोटरसाइकिल से सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे में उन्हें इतनी गंभीर चोटें आईं कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ममता दुबे (55 वर्ष) अपने दामाद पवन दुबे (35 वर्ष) के साथ मोटरसाइकिल से मंडला की ओर जा रही थीं। दोनों जब घंसौर थाना क्षेत्र के मानकसर्रा गांव में मां शारदा कृषि केंद्र के समीप से गुजर रहे थे, तभी अचानक ममता दुबे का दुपट्टा मोटरसाइकिल के पिछले टायर में फंस गया। दुपट्टा पहिए में उलझते ही महिला मोटरसाइकिल से नीचे गिर गईं। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मोटरसाइकिल चला रहे पवन दुबे का भी संतुलन बिगड़ गया और मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।

दुर्घटना में पवन दुबे को भी गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना 108 एंबुलेंस को दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल पवन दुबे सहित महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंसौर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने ममता दुबे को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल पवन दुबे का उपचार किया गया।

घटना की सूचना मिलने पर घंसौर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई कर महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

दुपट्टा और ढीले कपड़े बन सकते हैं हादसे का कारण

दोपहिया वाहन पर सफर करते समय महिलाओं के दुपट्टे, साड़ी का पल्लू और अन्य ढीले कपड़े पीछे के पहिए, चेन या वाहन के अन्य चलायमान हिस्सों में फंसने का खतरा बना रहता है। कई बार ऐसी छोटी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन जाती है। यातायात सुरक्षा की दृष्टि से दोपहिया वाहन पर बैठते समय दुपट्टे और साड़ी के पल्लू को अच्छी तरह संभालकर रखना जरूरी है। हेलमेट पहनने के साथ-साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति की सुरक्षा का ध्यान रखना भी बेहद आवश्यक है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button