सुप्रीम कोर्ट में सीबीआई का खुलासा: मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत के अगले दिन सास ने जुटाए थे सीसीटीवी फुटेज

सुप्रीम कोर्ट में सीबीआई का खुलासा: मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत के अगले दिन सास ने जुटाए थे सीसीटीवी फुटेज
भोपाल, यशभारत। मॉडल-एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल अपने काउंटर एफिडेविट में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, घटना के अगले ही दिन यानी 13 मई 2026 को आरोपी सास और सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह ने मामले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज जुटाने की कोशिश की थी।
सीबीआई ने हलफनामे में बताया कि घटना के समय भोपाल जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग की अध्यक्ष रहीं गिरिबाला सिंह ने 13 मई को एक सीसीटीवी तकनीशियन को फोन कर फुटेज की कॉपी हासिल की थी। इसके अलावा, उन्होंने एक ब्यूटी पार्लर संचालिका से संपर्क कर 12 मई को ट्विशा के वहां आने और जाने की जानकारी मांगी तथा कुछ लोगों को भेजकर वहां की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग भी निकलवा ली थी।
जांच एजेंसी ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि मुख्य आरोपी गिरिबाला सिंह और उनके वकील बेटे समर्थ सिंह बेहद प्रभावशाली स्थिति में हैं। एजेंसी ने आशंका जताई है कि ये लोग भोपाल में चल रहे मुकदमे की सुनवाई को प्रभावित कर सकते हैं और गवाहों पर दबाव बना सकते हैं।
गौरतलब है कि 12 मई 2026 की रात भोपाल के कटारा हिल्स इलाके स्थित ससुराल में ट्विशा शर्मा मृत पाई गई थीं। ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बताया था, जबकि मायके पक्ष ने हत्या का गंभीर आरोप लगाया था। पहली पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर सवाल उठने के बाद हाईकोर्ट के निर्देश पर 24 मई को दिल्ली AIIMS के मेडिकल बोर्ड से दोबारा पोस्टमॉर्टम कराया गया था। अब सीबीआई द्वारा सुप्रीम कोर्ट में पेश किए गए इस हलफनामे के बाद मामले में नए कानूनी पहलू जुड़ गए हैं।







