छात्रों ने किया माधवनगर थाने का शैक्षणिक भ्रमण, पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से जाना

कटनी, यशभारत। डीएव्ही पब्लिक स्कूल के छात्र छात्राओं ने शनिवार को अपने शिक्षकों के साथ माधवनगर थाने का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह यादव एवं थाना स्टाफ ने विद्यार्थियों और शिक्षकों का स्वागत किया तथा उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली और कानून व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सडक़ सुरक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए हेलमेट पहननेए सीट बेल्ट लगाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी। इस अवसर पर बच्चों को ब्रेथ एनालाइजर यंत्र भी दिखाया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस उपकरण की सहायता से शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच की जाती है। साथ ही नशे में वाहन चलाने के दुष्परिणामों और इससे होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचावए इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने तथा अजनबी व्यक्तियों से सतर्क रहने के उपाय भी बताए गए। आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस सहायता के लिए 100 एवं 112 तथा बच्चों की सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर संपर्क करने की जानकारी दी गई।






