अजब गजब : जिला अस्पताल में महिला की नाक से निकाले मक्खी के 45-50 लार्वा

नाक से खून बहने और असहनीय दर्द से थी परेशान, एंडोस्कोपिक पद्धति से किया सफल उपचार
दमोह। जिला अस्पताल में करीब 65 वर्षीय महिला की नाक से मक्खी के 45 से 50 लार्वा (कीड़े) निकाले गए। नाक से लगातार खून बहने और असहनीय तकलीफ से जूझ रही महिला का नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. विशाल शुक्ला ने एंडोस्कोपिक पद्धति से सफल उपचार किया। उपचार के बाद महिला की स्थिति में सुधार है।
जानकारी के अनुसार, महिला नाक से रक्तस्राव और तेज तकलीफ की शिकायत लेकर जिला अस्पताल पहुंची थी। एंडोस्कोपिक जांच के दौरान नाक के भीतर बड़ी संख्या में लार्वा दिखाई दिए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महिला को तत्काल ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया, जहां डॉ. विशाल शुक्ला ने एंडोस्कोपिक तकनीक की मदद से 45 से 50 लार्वा बाहर निकाले। सफल उपचार के बाद महिला को राहत मिली है।
बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह
डॉ. विशाल शुक्ला ने बताया कि मक्खी द्वारा नाक में अंडे दिए जाने के कारण लार्वा विकसित हो गए थे। उन्होंने बताया कि सितंबर से दिसंबर के बीच इस तरह की समस्या सामने आने की आशंका रहती है। विशेषकर बुजुर्गों की देखभाल में सतर्कता बरतना जरूरी है। उन्होंने सलाह दी कि वृद्धजनों को सोते समय मच्छरदानी का उपयोग कराएं। नाक से दुर्गंध आने, खून बहने या अन्य असामान्य लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न करें और तत्काल चिकित्सकीय जांच कराएं। समय पर उपचार नहीं मिलने पर यह स्थिति गंभीर रूप ले सकती है और जानलेवा भी साबित हो सकती है।







