भोपालः चयनित वर्ग-3 की महिला अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, बोर्ड ऑफिस चौराहे पर चक्का जाम, देखें वीडियों

भोपालः चयनित वर्ग-3 की महिला अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, बोर्ड ऑफिस चौराहे पर चक्का जाम, देखें वीडियों
भोपाल, यश भारत। करवा चौथ के पावन पर्व पर जहाँ एक ओर सुहागिनें अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखकर चाँद के दीदार का इंतज़ार कर रही हैं, वहीं भोपाल के बोर्ड ऑफिस चौराहे पर धरने पर बैठीं चयनित वर्ग-3 की महिला अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा है। न्याय की मांग को लेकर इन अभ्यर्थियों ने चक्का जाम कर दिया है, जिससे मौके पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
परिवार से दूर रहकर इस तरह सड़कों पर उतरने को मजबूर इन अभ्यर्थियों का कहना है कि प्राथमिक शिक्षक पात्रता और चयन परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद भी नियुक्ति प्रक्रिया को जानबूझकर लटकाया जा रहा है। प्रदर्शनकारी महिलाओं का तर्क है कि उन्होंने कर्मचारी चयन मंडल के आवेदन पत्र के बिंदु क्रमांक 49 में दिए गए स्पष्ट प्रावधान के आधार पर आवेदन किया था। अब वे दस्तावेज सत्यापन के दौरान इसी प्रावधान को मान्य कर नियुक्ति आदेश तत्काल जारी करने की मांग कर रही हैं।
लंबी प्रतीक्षा और प्रशासनिक उदासीनता के कारण महिला अभ्यर्थियों के लिए यह करवा चौथ एक गंभीर भावनात्मक चुनौती बन गया है। चक्का जाम की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया है और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं। फिलहाल धरना और प्रदर्शन जारी है, और अभ्यर्थियों की निगाहें शासन के अगले सख्त फैसले पर टिकी हैं।







