कैंसर से जूझ रही मां को बेटे-बहू ने घर से निकाला, छह साल से किराये के मकान में रहने को मजबूर
जबलपुर,यशभारत

कैंसर से जूझ रही मां को बेटे-बहू ने घर से निकाला, छह साल से किराये के मकान में रहने को मजबूर
जबलपुर,यशभारत। मां की सेवा और देखभाल की जरूरत के समय उसे अपने ही घर से बेघर कर देने का मामला सामने आया है। कैंसर की गंभीर बीमारी से जूझ रहीं सरिता देवी ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपनी पीड़ा बताई और न्याय की गुहार लगाई। महिला का आरोप है कि बेटे और बहू ने उन्हें मारकर घर से बाहर निकाल दिया, जिसके बाद से वह पिछले छह वर्षों से किराये के मकान में रहने को मजबूर हैं। सरिता देवी ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि वह कैंसर की गंभीर बीमारी से गुजर रही हैं। जीवन के इस कठिन दौर में उनकी इच्छा है कि वह अपने आखिरी समय में अपने घर में रह सकें। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उनके मकान को खाली कराया जाए, ताकि वह अपने घर लौट सकें और अपने आखरी दिन वहीं बिता सकें।महिला ने बेटे-बहू के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जिस घर में रहने का उन्हें अधिकार है, उससे दूर किराये के मकान में जीवन गुजारना उनके लिए बेहद पीड़ादायक है। गंभीर बीमारी के बीच उन्हें अपने घर लौटने की चिंता सता रही है।
सरिता देवी की शिकायत पर पुलिस प्रशासन की ओर से उन्हें मकान खाली कराने और मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।







