बरही : पत्रकारवार्ता में बोले जीतू पटवारी, वोट चोरी को लेकर चुनाव आयोग से सवाल पूछो तो जबाव भाजपा देती है, अब देश-प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल पड़ी, भाजपा को घर भेजना चाहती है जनता

कटनी, यशभारत। विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बरही में आयोजित जन आक्रोश सभा में शामिल होने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का आज कटनी आगमन हुआ। शाम साढ़े 4 बजे बरही पहुंचने के बाद जीतू पटवारी एवं उमंग सिंघार ने सबसे पहले बरही के प्रसिद्ध विजयनाथधाम मन्दिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन किये एवं पूजा अर्चना की। इसके उपरांत पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि देश को आजाद कराने के हमारे महापुरुषों ने शहादत दी थी। कांग्रेस पार्टी ने आम नागरिक को वोट का अधिकार दिया था। बाबा साहब अंबेडकर ने संविधान दिया था। कांग्रेस पार्टी ने देश को लोकतंत्र दिया था लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने देश का लोकतंत्र खत्म कर दिया है। संवैधानिक संस्थाओं पे कब्जा कर लिया है। चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की मदद से वोट चोरी कर सरकार बनाई जा रही है लेकिन अब इसकी पोल खुल चुकी है। पूरे देश में अब इसका विरोध हो रहा है।
श्री पटवारी ने कहा कि आरएसएस और भाजपा ने नहीं बल्कि हमारे पूर्वजों ने देश को गुलामी की जंजीरों से आजाद कराया था। श्री पटवारी ने कहा कि मध्य प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल पड़ी है। जहां जहां भी चुनाव हो रहे हैं, वहां वहां कांग्रेस को सफलता मिली है। दो साल बाद होने वाले विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए हर स्तर पर काम कर रही है। अब जनता की बारी है। देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अपने खून की अंतिम बूंद भी देनी पड़ेगी,तो कांग्रेस कार्यकर्ता हर बलिदान देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि वोट चोरी का मुद्दा सामने आने के बाद हमने चुनाव आयोग से सवाल किया तो भाजपा के नेता सामने आकर जबाव देते हैं। जीतू पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव अब अलग थलग पड़ गए हैं। उनके मंत्री उनकी नहीं सुन रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने मान लिया है कि मोहन यादव रहेंगे तो सरकार नहीं बनेगी। पत्रकारवार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह, शहर अध्यक्ष अमित शुक्ला, जिले के प्रभारी मनु मिश्रा, नीरज सिंह बघेल, कांग्रेस नेता संदीप बाजपेयी, विधायक फुन्देलाल मार्को सहित अन्य नेताओं की उपस्थिति रही।







