स्पा सेंटर में किसकी पार्टनरशिप, पता लगा रही पुलिस, पूछताछ में स्पा सेंटर संचालक ने उगले कई राज, पुलिस ने पन्ना से किया गिरफ्तार

कटनी, यशभारत। शहर में संचालित दो स्पा सेंटरों में महिला पुलिस द्वारा विगत दिनों की कार्रवाई के बाद अब मामले में फरार चल रहे आवा स्पा सेंटर संचालक रामदयाल विश्वकर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्पा सेंटर मैं खुद को झाडू पोछा का काम करने की बात कही है। उसका कहना है कि सेंटर में होने वाली अन्य गतिविधियों के बारे में उसे जानकारी नहीं थी, हालांकि पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को कई लोगों के नाम बताए हैं। अब पुलिस इन सभी नामों और उनकी स्पा सेंटर से जुड़ी भूमिका की जांच कर रही है। महिला पुलिस के अनुसार आवा स्पा सेंटर का रजिस्ट्रेशन रामदयाल विश्वकर्मा के नाम पर था। कार्रवाई के बाद से पुलिस संचालक की तलाश कर रही थी। उसके पन्ना में होने की जानकारी मिलने के बाद टीम ने उसे गिरफ्तार किया और पूछताछ के लिए कटनी लाया गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने स्पा सेंटर में अपनी भूमिका सीमित बताते हुए कहा कि वह वहां केवल साफ सफाई का काम करता था। सेंटर में आने वाले लोगों और वहां होने वाली गतिविधियों के संबंध में उसे जानकारी नहीं होने का दावा किया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा कुछ लोगों के नाम बताए गए हैं। अब इन लोगों के सेंटर से संबंध, उनकी भूमिका और गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
एसपी के निर्देशन पर दबिश
एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन पर महिला पुलिस और अधिकारियों की संयुक्त टीम ने शहर के दो स्पा सेंटर्स नेचुरल थाई स्पा सेंटर और आवा स्पा सेंटर पर दबिश दी थी। इस कार्रवाई में 10 युवतियों और 7 युवकों को आपत्तिजनक स्थिति में रंगे हाथों पकड़ा गया था। पुलिस ने जब पूछताछ की तो पता चला कि इस गंदे खेल का जाल अंतरराज्यीय स्तर पर फैला था। मौके से उत्तर पूर्वी राज्यों, भूटान, हरियाणा, बंगाल, आगरा और मुंबई की महिलाएं व कुछ नाबालिग बालिकाएं भी बरामद की गईं।
इन पर हुई थी कार्रवाई
मामले में अब तक नेचुरल थाई स्पा सेंटर से पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर स्पा मालिक कविता सिंह 28 वर्ष और सह मालिक मैनेजर सबा शेख 23 वर्ष को जेल भेज दिया गया है। वहीं आवा स्पा सेंटर के कथित संचालक वहां झाड़ू पोछा लगाने वाले रामदयाल विश्वकर्मा समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और अन्य सफेदपोशों की तलाश जारी है।
इनका कहना है
महिला थाना प्रभारी वर्षा सोनकर ने बताया कि आवा स्पा सेंटर के संचालक रामदयाल विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया गया है। सेंटर का रजिस्ट्रेशन भी उसी के नाम पर था। पूछताछ में सामने आए नामों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। मामले में फिलहाल पूछताछ और दस्तावेजों की जांच जारी है। सामने आए नामों की भूमिका स्पष्ट होने के बाद ही उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अन्य संदिग्धों की जानकारी भी जुटा रही है।
्र







