सृजनकर्ता नहीं प्रकृति की मजबूत आधारशिला नारी, शक्ति से सृजन एवं नवांकुर सखी संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन

कटनी, यशभारत। मप्र जन अभियान परिषद के तत्वावधान में सेक्टर क्रमांक 3 कन्हवारा के ग्राम करहिया में नारी शक्ति से सृजन कार्यक्रम के तहत नवांकुर सखी एवं प्राकृतिक सखी संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नारी शक्ति को प्रकृति संरक्षण से जोडऩा तथा जल, माटी और वृक्षों के महत्व के प्रति जन.जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ देवी गीतों एवं भजनों के भक्तिमय वातावरण में हुआ। महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कार्यक्रम के अंतर्गत माटी पूजन, जल स्रोत पूजन एवं वृक्ष पूजन के माध्यम से प्रकृति के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और हरित भविष्य का संदेश दिया गया। जिला समन्वयक डॉ तेज सिंह केसवाल, ब्लॉक समन्वयक बालमुकुंद मिश्रा, नवांकुर संस्था बारडोली वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष आर एल चौधरी, परामर्शदाता रामानुज पांडे, सेक्टर प्रभारी गणपत कोल, दुर्गेश नामदेव तथा सदस्य उपस्थित रहे। संस्था अध्यक्ष आर एल चौधरी ने कहा कि नारी शक्ति समाज की सृजनकर्ता ही नहीं, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण की भी सबसे मजबूत आधारशिला है। भारतीय संस्कृति में जल, माटी और वृक्षों को पूजनीय माना गया है। इनका संरक्षण करना केवल हमारी परंपरा नहीं, बल्कि आने वाली पीढय़िों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। जब महिलाएं जल, जंगल और जमीन के संरक्षण का संकल्प लेती हैं, तब समाज में सकारात्मक बदलाव की नई राह खुलती है। अंत में सभी उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा प्रकृति संरक्षण के इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।







