कटनी

आमने-सामने टकराई बाइक, एक की मौत, पांच घायल, रीठी के टहकारी गांव के पास हादसा

कटनी, यशभारत। रीठी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम टहकारी के समीप मंगलवार को दो मोटरसाइकिलों में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण सडक़ हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक महिला, एक पुरुष और दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे उमरिया से कुपिया-वसुधा रोड पर टहकारी गांव के नजदीक हुई। दोनों बाइकें आमने-सामने से टकराई। ठोकर इतनी तेज थी कि एक व्यक्ति की मौत मौके पर ही हो गई। बाकी पांच लोग गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले। सूचना मिलते ही रीठी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत डायल 112 की सहायता से सभी घायलों को उपचार के लिए रीठी के दशासकीय अस्पताल रवाना कराया। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार हादसे में घायल सभी लोग कुठला थाना क्षेत्र की बिलहरी चौकी अंतर्गत केमोरी गांव के निवासी हैं। हादसे में मृत हुए 44 वर्षीय सुरेश लोधी पिता राजकुमार लोधी निवासी व सिंहुड़ी के शव को रीठी अस्पताल लाया गया, जहां उनका पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर ली है और मामले को जांच में लिया है।
पेड़ से टकराया तेज रफ्तार ऑटो, सात घायल
बरही थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम डोकरिया के पास मंगलवार को एक ऑटो अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पेड़ से टकरा गया। हादसे में ऑटो सवार सात लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बरही अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। गंभीर हालत के चलते दो घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार ऑटो ग्राम बरछेका से बरही होते हुए उमरिया जिले के पनपथा की ओर जा रहा था। इसी दौरान डोकरिया के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और ऑटो पेड़ से जा टकराया। हादसे में दिलराज साहू पिता सुग्रीम साहू, माया साहू पति दिलराज साहू, ऑटो चालक अश्वनी दाहिया पिता अच्छे लाल दाहिया, शिल्पा साहू, सुनैना साहू सहित सात लोग घायल हुए। दिलराज साहू और चालक अश्वनी दाहिया की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलने पर बरही पुलिस अस्पताल पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button