मुख्य ख़बरें

वन भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुँची टीम पर जानलेवा हमला: डिप्टी रेंजर और वनकर्मी गंभीर रूप से घायल, ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास

सागर, यशभारत। जिले के शाहगढ़ क्षेत्र के बीला बांध (छोटे बंधा) के पास वन भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुँची वन विभाग की टीम पर असामाजिक तत्वों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना में डिप्टी रेंजर शैलेन्द्र तिवारी और वनकर्मी नारायण सिंह पलिया गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शाहगढ़ वन परिक्षेत्र अंतर्गत बीला बांध के समीप वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर डिप्टी रेंजर शैलेन्द्र तिवारी के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुँची और अतिक्रमण रोकने का प्रयास किया।
इसी दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है कि अतिक्रमणकारियों ने वनकर्मियों पर ट्रैक्टर चढ़ाने का जानलेवा प्रयास किया और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ मारपीट की। इस अचानक हुए हमले में डिप्टी रेंजर शैलेन्द्र तिवारी के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे वे लहूलुहान हो गए। वहीं, वनकर्मी नारायण पलया भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वन विभाग के अमले में हड़कंप रिया गया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों की तलाश जारी

घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को शाहगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल, सागर रेफर कर दिया गया।

वन विभाग की शिकायत पर शाहगढ़ थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों हरीराम यादव, अमित यादव और हरेंद्र यादव (सभी निवासी निवाई) के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, मारपीट और विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि संबंधित लोगों द्वारा पहले भी अतिक्रमण करने का प्रयास किया गया था, जिस पर विभाग ने रोक लगाई थी। फिलहाल पुलिस आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड की जाँच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

इस सनसनीखेज घटना ने एक बार फिर मैदानी इलाकों में तैनात वन विभाग के कर्मचारियों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्र में लगातार इस तरह के मामलों के सामने आने से विभागीय अमले में रोष और चिंता का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button