मुख्य ख़बरें

कपड़ों से खुली पहचान की गुत्थी: 10 दिन से लापता 18 वर्षीय युवती का कुएं में मिला शव

सागर, यशभारत lसागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ करीब 10 दिन से लापता 18 वर्षीय युवती का शव एक कुएं से बरामद किया गया है। शव लगभग 8 दिन पुराना बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती करीब 10 दिन पहले घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। परिजनों द्वारा काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा, तो बीते गुरुवार को मोतीनगर थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

रविवार को ग्रामीणों ने कुएं में शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। शव की हालत इस तरह की थी कि तुरंत शिनाख्त करना संभव नहीं था। इसके बाद पुलिस ने कुएं में तलाशी अभियान चलाया, जिसमें युवती के कपड़े बरामद हुए। इन कपड़ों के आधार पर मृतका की पहचान सुनिश्चित की गई।

मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया, जहाँ प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों और अन्य परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की विधिवत कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button