नीरज चोपड़ा और गगन नारंग से मिले स्टेमफील्ड के विद्यार्थी, खेल और नवाचार का मिला संदेश
नीरज चोपड़ा को भेंट किया स्वनिर्मित रॉकेट मॉडल

जबलपुर, यश भारत। स्टेमफील्ड इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों के लिए सोमवार का दिन यादगार रहा। विद्यालय के विद्यार्थियों और एथलेटिक्स टीम को GFG सेंटर, जबलपुर में ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा और ओलंपिक पदक विजेता गगन नारंग से मिलने और संवाद करने का अवसर मिला। इस दौरान विद्यार्थियों ने खेल, अनुशासन, मेहनत, लक्ष्य निर्धारण और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के अनुभवों को जाना। मुलाकात के दौरान स्टेमफील्ड के विद्यार्थियों ने विद्यालय के स्टेमफील्ड इनोवेशन हब में तैयार किया गया पीएसएलवी रॉकेट का मॉडल नीरज चोपड़ा को स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट किया। बच्चों ने उनके स्वागत के लिए विशेष रूप से तैयार वेलकम कार्ड भी दिया। विद्यालय के अनुसार, मॉडल भेंट करने का उद्देश्य खेल और विज्ञान के बीच संबंध को दर्शाना था।
एथलेटिक्स टीम में बढ़ा उत्साह
नीरज चोपड़ा से मुलाकात विद्यालय की एथलेटिक्स टीम के लिए विशेष अनुभव रही। वहीं गगन नारंग से संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने एकाग्रता, निरंतर अभ्यास और मानसिक मजबूती के महत्व को समझा। दोनों खिलाड़ियों के अनुभवों ने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
खेल के साथ नवाचार पर जोर
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए खेल, विज्ञान, तकनीक और नवाचार को शिक्षा का हिस्सा बनाया गया है। स्टेमफील्ड इनोवेशन हब के माध्यम से बच्चों को प्रयोग और वैज्ञानिक सोच से जोड़ने के साथ खेल गतिविधियों के जरिए उनमें अनुशासन और टीम भावना विकसित की जा रही है।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि देश के लिए उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों से सीधे संवाद बच्चों के लिए जीवनभर याद रहने वाला अनुभव है। ऐसे अवसर उन्हें बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देते हैं।







