गांधी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को लिखा पत्र , वर्ग-2 और वर्ग-3 में पद बढ़ाने, काउंसलिंग जल्द शुरू करने की मांग

शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि की मांग, राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को लिखा पत्र
वर्ग-2 और वर्ग-3 में पद बढ़ाने, आंदोलनरत अभ्यर्थियों के नोटिस वापस लेने और दूसरे चरण की काउंसलिंग जल्द शुरू करने की मांग
भोपाल, यश भारत। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर शिक्षक भर्ती 2025 में वर्ग 2 और वर्ग 3 के पदों में वृद्धि करने की मांग की है। उन्होंने आंदोलन कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियों को जारी नोटिस वापस लेने और उनके प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनने का भी आग्रह किया है। राहुल गांधी ने पत्र में कहा कि इंदौर में आयोजित छात्रों की गूंज कार्यक्रम के दौरान शिक्षक अभ्यर्थियों ने वर्ग-2 और वर्ग-3 की भर्ती में पदवृद्धि का मुद्दा उठाया। उनके अनुसार मध्यप्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहले से ही एक लाख से अधिक शिक्षकों के पद रिक्त हैं, जिसका असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। पत्र में कहा गया है कि शिक्षक भर्ती 2025 में वर्ग 3 के 13 089 और वर्ग 2 के 10,800 पदों पर भर्ती निकाली गई है। राहुल गांधी के मुताबिक अभ्यर्थियों की मांग है कि भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाई जाए। इससे सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के साथ बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार का अवसर मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि कई अभ्यर्थियों ने परीक्षा में अच्छे अंक हासिल किए हैं जबकि कई अतिथि शिक्षक के रूप में सेवाएं भी दे रहे हैं। सीमित पदों के कारण उन्हें नियमित नियुक्ति का अवसर नहीं मिल पा रहा है। पत्र में यह भी कहा गया कि कई अभ्यर्थी आयु सीमा के करीब पहुंच चुके हैं। राहुल गांधी ने आंदोलन और भूख हड़ताल कर रहे अभ्यर्थियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने के लिए उन्हें आंदोलन का सहारा लेना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आंदोलनरत अभ्यर्थियों को भेजे गए नोटिस वापस लेने तथा उनके प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनने का अनुरोध किया। उन्होंने सरकार से वर्ग 2 एवं वर्ग 3 शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि करने और दूसरे चरण की काउंसलिंग जल्द शुरू करने की मांग की है।







