घाटी में उड़ीसा पुलिस पर हमला कर गांजा तस्कर को छुड़ाने वाला मुख्य संदेही गिरफ्तार : प्रयागराज से धराया ,गुप्त स्थान पर हो रही कड़ी पूछताछ

रीवा ।सीधी जिले की सीमा पर स्थित छुहिया घाटी में उड़ीसा पुलिस टीम पर फिल्मी स्टाइल में हमला कर कुख्यात गांजा तस्कर को पुलिस कस्टडी से छुड़ा कर ले जाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।इस वारदात के मुख्य संदेही को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से हिरासत में ले लिया है।पकड़े गये आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त हैरियर कार भी बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार चार दिन पूर्व कुख्यात गांजा तस्कर आदित्य मिश्रा निवासी खटखरी को उड़ीसा पुलिस प्रोटेक्शन वारंट पर पुलिस जीप से रीवा ला रही थी। दोपहर करीब साढ़े 11 बजे जैसे ही टीम रीवा सीधी बॉर्डर की छुहिया घाटी में पहुंची, पहले से घात लगाए आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने तीन वाहनों से पुलिस जीप को घेर लिया और फायरिंग करते हुए आदित्य मिश्रा को छुड़ा कर फरार हो गये।इस घटना के बाद पूरे विंध्य सहित प्रदेश में हड़कंप मच गया था। आईजी गौरव राजपूत सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे थे5 और तस्कर व हमलावरों की तलाश के लिए 20 से अधिक विशेष टीमें गठित कर सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा था।
सतना में छोड़ा था, फिर भाग गया था प्रयागराज
पुलिस सूत्रों के अनुसार इसी क्रम में शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर मुख्य संदेही को प्रयागराज से दबोचा गया है। पकड़े गये संदेही की पहचान शिवम सिंह पिता पप्पू सिंह निवासी मांड़ा के रूप में हुई है।पुलिस ने उसे फिलहाल गुप्त स्थान पर रखा है ताकि अन्य फरार आरोपियों तक पहुंचा जा सके।प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी शिवम ने कबूल किया है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ही आदित्य मिश्रा को छुड़ाया था।इसके बाद वह रास्ते से आदित्य की महिला मित्र को पिकअप कर हैरियर कार से दोनों को सतना जिले में छोड़कर प्रयागराज भाग गया था।अब पुलिस उसके निशानदेही पर बताये गये ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।







