अंतिम समय में बैठकों का फेरबदल: अमित शाह की हाई-लेवल मीटिंग और PC रद्द, CM मोहन यादव ने संभाली कमान

अंतिम समय में बैठकों का फेरबदल: अमित शाह की हाई-लेवल मीटिंग और PC रद्द, CM मोहन यादव ने संभाली कमान
भोपाल, यशभारत। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भोपाल दौरे के दौरान शनिवार को उस समय सियासी गलियारों और प्रशासनिक हलकों में अचानक हलचल तेज हो गई, जब उनकी प्रस्तावित दो बड़ी गतिविधियां 4 राज्यों के अफसरों के साथ अंतरराज्यीय उच्चस्तरीय बैठक और पत्रकार वार्ता अंतिम समय में निरस्त कर दी गईं।
ऐन वक्त पर बदला शेड्यूल, कारणों पर कयासबाज़ी
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत चार पड़ोसी राज्यों के वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ नारकोटिक्स (नशा मुक्ति) और अंतरराज्यीय सुरक्षा समन्वय को लेकर बारीक प्लानिंग की समीक्षा बैठक लेनी थी। इसके बाद होटल ताज में एक बहुप्रतीक्षित प्रेस कॉन्फ्रेंस भी तय की गई थी। हालांकि, अन्य कार्यक्रमों में व्यस्तता और अपरिहार्य कारणों के चलते गृह मंत्री का यह शेड्यूल अंतिम क्षणों में रद्द कर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने ली अधिकारियों की कमान
अमित शाह की बैठक निरस्त होने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खुद कमान संभाली। सीएम ने मध्य प्रदेश सहित चारों राज्यों से आए वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान मध्य प्रदेश को वर्ष 2029 तक पूरी तरह नशामुक्त (नारकोटिक्स फ्री) बनाने की रणनीति और अंतरराज्यीय सीमाओं पर सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने के निर्देशों पर विस्तृत चर्चा की गई।
विपक्ष को मिला मुद्दा, सियासत तेज
बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द होने के बाद मध्य प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और अन्य विपक्षी नेताओं ने चुटकी लेते हुए इसे सरकार की आंतरिक खींचतान और मीडिया के सवालों से बचने का प्रयास करार दिया। वहीं, भारतीय जनता पार्टी के सूत्रों का कहना है कि गृह मंत्री के व्यस्ततम कार्यक्रम और अन्य शासकीय प्राथमिकताओं के कारण समय में यह बदलाव किया गया।
जनता के बीच सक्रिय रहे शाह: प्रेस कॉन्फ्रेंस और अफसरों की बैठक रद्द होने के बावजूद अमित शाह ने गोपालक सम्मेलन, नए आपराधिक कानूनों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन, उज्जैन डेयरी प्लांट का भूमिपूजन और IISER अत्रि परिसर के शिलान्यास जैसे सभी सार्वजनिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।






