
जबलपुर, यश भारत। गोपाष्टमी के पावन पर्व पर विश्व हिंदू परिषद महाकौशल प्रांत के तत्वावधान में तिलवारा गौशाला और दिव्य गौशाला में भव्य गौ-पूजन एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गौ-भक्तों और विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के पदाधिकारियों ने शामिल होकर विधि-विधान से गौ-माता की पूजा की और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।कार्यक्रम में वृंदावन धाम से पधारे प्रसिद्ध कथावाचक एवं भागवताचार्य अभिमन्यु कृष्ण महाराज का सान्निध्य प्राप्त हुआ। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गौ-पूजन संपन्न कराया। अपने उद्बोधन में उन्होंने भारतीय संस्कृति में गौ-माता के महत्व को बताते हुए समाज के सभी वर्गों से गौ-रक्षा और गौ-संवर्धन के लिए आगे आने का आह्वान किया।पूजन के बाद गौ-माता को गुड़, चना और हरा चारा खिलाया गया। आयोजन में महाकौशल प्रांत गोरक्षा प्रमुख सत्येंद्र सिंह, अश्वनी तिवारी, देवेंद्र श्रीवास्तव, विनोद शिवहरे, संतोष पटेल, विपिन बर्मन और राकेश सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गौ-भक्त उपस्थित रहे।







