गोपालक सम्मेलन का भव्य शुभारंभः सहकार से समृद्धि के संकल्प को बढ़ावा गोपालकों और डेयरी किसानों को सशक्त बनाने पर जोर

गोपालक सम्मेलन का भव्य शुभारंभः सहकार से समृद्धि के संकल्प को बढ़ावा गोपालकों और डेयरी किसानों को सशक्त बनाने पर जोर
भोपाल, यश भारत। सहकार से समृद्धि के संकल्प को समर्पित राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन का शनिवार को भेल दशहरा मैदान में भव्य शुभारंभ हुआ। सम्मेलन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए जबकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे हैं। सम्मेलन में प्रदेशभर से आए गोपालकों दुग्ध उत्पादकों किसानों और सहकारी संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह के सम्मेलन स्थल पर पहुंचने के बाद कार्यक्रम में उत्साह का माहौल रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल उनके साथ मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला के साथ कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग एदल सिंह कंसाना और कृष्णा गौर भी उपस्थित रहे। भोपाल सांसद आलोक शर्मा विधायक रामेश्वर शर्मा भगवानदास सबनानी और महापौर मालती राय समेत कई जनप्रतिनिधि भी सम्मेलन में शामिल हुए।
गांव-गांव तक पहुंचेगा सहकारिता का संदेश
सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य दुग्ध उत्पादन से जुड़े किसानों और गोपालकों को सहकारिता के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। डेयरी क्षेत्र में सहकारी मॉडल को मजबूत करने, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने तथा गोपालकों को बेहतर बाजार और सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। आयोजन के माध्यम से सहकार से समृद्धि के विजन को गांव-गांव तक पहुंचाने का संदेश दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के शुरुआती दौर में विधायक मैथिली ठाकुर ने गायन प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति ने सम्मेलन स्थल पर मौजूद लोगों में उत्साह भर दिया। इसके बाद सम्मेलन की औपचारिक गतिविधियां आगे बढ़ीं।
डेयरी क्षेत्र को मिलेंगी कई सौगातें
सम्मेलन के दौरान प्रदेश की गौशालाओं के गोवंश के लिए 101 करोड़ रुपये से अधिक की अनुदान राशि सीधे बैंक खातों में अंतरित किए जाने की जानकारी दी गई है। भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ से जुड़े दुग्ध उत्पादकों को बोनस राशि वितरित किए जाने के साथ पशुपालन क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाली गोपालक दीदियों का सम्मान भी किया जाएगा। पात्र हितग्राहियों को डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत हितलाभ और आचार्य विद्यासागर जीव दया गौ-सेवा सम्मान प्रदान किए जाएंगे।
डेयरी क्षेत्र के विस्तार के लिए भोपाल में 16.80 करोड़ रुपये की लागत से तैयार प्रतिदिन 40 हजार लीटर दूध प्रसंस्करण क्षमता वाले फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का उद्घाटन किया जाएगा। वहीं उज्जैन में 255 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले तीन लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता के अत्याधुनिक डेयरी प्लांट का वर्चुअल भूमिपूजन होगा। सहकारी क्षेत्र की राज्य स्तरीय डेयरी टेस्टिंग लैब और शिवपुरी मिनी डेयरी संयंत्र का भी शुभारंभ किया जाएगा।
35 हजार से अधिक गोपालकों की भागीदारी
सम्मेलन में भोपाल सहित सीहोर बैतूल राजगढ़ हरदा गुना अशोकनगर शाजापुर विदिशा रायसेन और नर्मदापुरम सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से 35 हजार से अधिक गोपालकों और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्यों के शामिल होने की बात कही गई है। वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाए जाने के क्रम में आयोजित यह सम्मेलन दुग्ध उत्पादन के साथ पशुपालन से जुड़े परिवारों की आय बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने पर केंद्रित है।
शाह के भोपाल दौरे में कई कार्यक्रम
केंद्रीय मंत्री अमित शाह के भोपाल दौरे के दौरान भेल दशहरा मैदान में नए आपराधिक कानूनों पर आधारित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन और अवलोकन भी किया । इसके अलावा आईईआरआईएस के अत्री कैंपस की आधारशिला रखने तथा स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के अनावरण का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा बालाघाट क्षेत्र में सड़क स्वास्थ्य और पोषण व्यवस्था से जुड़े 400 करोड़ रुपये से अधिक के विकास प्लान की जानकारी भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी।
सम्मेलन का व्यापक फोकस पशुपालन डेयरी और सहकारिता को एक साथ जोड़कर गोपालकों को आर्थिक रूप से मजबूत करने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने पर है।







