सुरक्षा पर बड़ा सवाल: क्या अपने ही घरों में बेबस हैं भोपाल के बुजुर्ग?

सुरक्षा पर बड़ा सवाल: क्या अपने ही घरों में बेबस हैं भोपाल के बुजुर्ग?
रिटायर्ड आईएएस की हत्या के बाद पुलिस अलर्ट; माइक्रो बीट सिस्टम से शुरू होगी सघन चेकिंग
भोपाल, यशभारत। राजधानी के पॉश इलाके सूरजनगर में रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की जघन्य हत्या ने अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस सनसनीखेज वारदात के बाद भोपाल पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और पुलिस प्रशासन ने शहर में अकेले रह रहे बुजुर्गों की सुरक्षा समीक्षा नए सिरे से शुरू कर दी है।
कागजों में सिमटी सुरक्षा, बीट चेकिंग पर उठे सवाल
घटना के बाद पुलिस की जमीनी चौकसी और निगरानी व्यवस्था को लेकर बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। भोपाल पुलिस के सीनियर सिटीजन सेल के आंकड़ों पर नजर डालें, तो पूरे शहर में महज 172 बुजुर्गों का ही पंजीयन दर्ज है।
अधिकांश इलाकों में बीट प्रभारियों के पास अपने क्षेत्र में अकेले रह रहे रिटायर्ड अधिकारियों और वरिष्ठ नागरिकों की सटीक सूची तक मौजूद नहीं है। इसी प्रशासनिक ढिलाई और नियमित संवाद की कमी का फायदा उठाकर असामाजिक व आपराधिक तत्व बुजुर्गों को अपना निशाना बना रहे हैं।
नौकरों का वेरिफिकेशन बनेगा अनिवार्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महकमे ने अब शहर भर में तैनात घरेलू सहायकों, केयरटेकरों और सुरक्षाकर्मियों के पुलिस वेरिफिकेशन को सख्ती से लागू करने की तैयारी की है। पूर्व में हुए वेरिफिकेशन का भी री-वेरिफिकेशन कराया जाएगा, ताकि किसी भी संदिग्ध की गतिविधियों पर समय रहते नजर रखी जा सके।
संदिग्ध नौकर की तलाश में टीमें रवाना, डेटाबेस होगा अपडेट: पुलिस आयुक्त
सूरजनगर में हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं और फरार संदिग्ध नौकर की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें रवाना कर दी गई हैं।
राजधानी में लागू माइक्रो बीट सिस्टम को सक्रिय करते हुए सभी बीट प्रभारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। वे अपने क्षेत्रों में रहने वाले रिटायर्ड अफसरों, जनप्रतिनिधियों और अकेले रह रहे वरिष्ठ नागरिकों का नया डेटाबेस तुरंत तैयार करें। घरेलू सहायकों और केयरटेकरों का री-वेरिफिकेशन व क्रॉस-चेक अनिवार्य रूप से कराया जाएगा। बीट अधिकारी नियमित अंतराल पर वरिष्ठ नागरिकों से व्यक्तिगत संपर्क में रहेंगे।







