इलाज कराने आए बेबस दंपति से चाकू अड़ाकर लूट; वारदात से हडकंप

रीवा। इलाज के सिलसिले में रीवा आए दंपति से चाकू की नोंक पर लूट की गई है। सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रानीतालाब में हुई इस घटना में शामिल आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि सेमरिया निवासी राहुल कुशवाहा और उनकी पत्नी सोमवार को इलाज के सिलसिले में रीवा आए थे। जहां डॉक्टर के यहां नंबर लगाने के बाद रानीतालाब पार्क में जाकर बैठ गए।
इसी दौरान दो बदमाशों द्वारा चाकू की नोंक पर उनके साथ लूटपाट की गई। बताया गया है कि बदमाशों ने 4 हजार रुपए लूट लिए थे। इस घटना की शिकायत पीड़ित द्वारा थाने में की गई।
अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई और वे पकड़े गए। टीआई निशा मिश्रा ने बताया कि लूट के मामले में आरोपी चोबा बंसल उर्फ आशीष निवासी रानीतालाब और उसका साथी सोहेल खान पकड़ा गया है। आरोपी आदतन अपराधी हैं। इनसे अन्य घटनाओं के बारे में भी पूछताछ की गई है।







