बडेरिया मेट्रोप्राइम में एडवांस्ड हेमोडायफिल्ट्रेशन तकनीक शुरू

जबलपुर, यश भारत। दमोह नाका स्थित बडेरिया मेट्रोप्राइम मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल ने अपनी 20 वर्ष की यात्रा पूरी होने के अवसर पर किडनी रोगियों के लिए एडवांस्ड हेमोडायफिल्ट्रेशन (एचडीएफ) तकनीक की सुविधा शुरू की है। अस्पताल के डायलिसिस यूनिट में जर्मन तकनीक आधारित एडवांस फ्रेसेनियस 5008 मशीन का उद्घाटन किया गया। नई तकनीक का शुभारंभ किडनी ट्रांसप्लांट विशेषज्ञ डॉ. विशाल वढेरा, किडनी ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. राजेश पटेल, मेडिकल स्पेशलिस्ट डॉ. शैलेन्द्र राजपूत और अस्पताल के डायरेक्टर राजीव बडेरिया ने किया। इस दौरान अस्पताल के चिकित्सक एवं स्टाफ मौजूद रहे।

डॉ. विशाल वढेरा ने बताया कि एचडीएफ तकनीक सामान्य डायलिसिस की तुलना में रक्त से छोटे और मध्यम आकार के हानिकारक तत्वों को अधिक प्रभावी ढंग से हटाने में मदद करती है। इसके अलावा डायलिसिस के बाद होने वाली कमजोरी, थकान, मांसपेशियों में ऐंठन और लो ब्लड प्रेशर जैसी समस्याओं को कम करने में मदद मिल सकती है।मशीन में ऑटोमेटिक ब्लड प्रेशर मॉनिटरिंग और एडवांस सुरक्षा सेंसर भी लगाए गए हैं। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार नई सुविधा से जबलपुर और आसपास के किडनी रोगियों को आधुनिक डायलिसिस सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी, जिससे उन्हें उपचार के लिए महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।







