खूनी खेल: कोर्ट पेशी से पहले पुलिस वैन पर हमला, एनडीपीएस का बड़ा तस्कर हथकड़ी समेत आजाद

रीवा ।कोर्ट में पेशी के लिए ओडिशा से लाए जा रहे एनडीपीएस एक्ट के कुख्यात आरोपी आदित्य मिश्रा को पुलिस हिरासत से छुड़ाने के लिए बेखौफ बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में एक दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। यह घटना सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र अंतर्गत छुहिया घाटी में घटित हुई, जहाँ चार पहिया वाहन से आए तीन हथियारों से लैस नकाबपोश बदमाशों ने ओडिशा पुलिस की गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया। हमलावरों ने पुलिस वाहन पर ताबड़तोड़ अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी और पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर का स्प्रे झोंक दिया। अचानक हुए इस सुनियोजित हमले से जब तक पुलिस बल खुद को संभाल पाता, तब तक नकाबपोश बदमाश एनडीपीएस के आरोपी आदित्य मिश्रा को पुलिस के चंगुल से छुड़ाकर मौके से तेजी से फरार हो गए।
घटना की खबर मिलते ही समूचे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में उच्च अधिकारियों को सूचित किया गया। मामले की अत्यंत गंभीरता को देखते हुए रीवा रेंज के आईजी, डीआईजी और सीधी पुलिस अधीक्षक तत्काल भारी पुलिस बल के साथ छुहिया घाटी पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। पुलिस के आला अधिकारी मामले के हर एक पहलू की गहनता से जांच-पड़ताल कर रहे हैं।
गौरतलब है कि विगत माह रीवा से ही नशे की तस्करी के मामले में 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी आदित्य मिश्रा को ओडिशा पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जिसे कानूनी प्रक्रिया के तहत रीवा न्यायालय लाया जा रहा था। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद रीवा, सीधी और शहडोल जिलों की सीमाओं पर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। समूचे विंध्य संभाग में चौतरफा नाकाबंदी कर दी गई है और फरार आरोपी तथा हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है।







