चार दिन की हड़ताल के बाद रविवार को भी खुले बैंक

चार दिन की हड़ताल के बाद रविवार को भी खुले बैंक
– एमपी नगर बैंक स्ट्रीट में लंबित काम निपटाने पहुंचे लोग
भोपाल, यश भारत। चार दिन तक चली बैंक हड़ताल के बाद रविवार को राजधानी में बैंक खुले तो ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। एमपी नगर जोन-2 स्थित बैंक स्ट्रीट में सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग बैंकिंग कार्यों के लिए पहुंचने लगे। लगातार चार दिन बैंक बंद रहने के कारण कई लोगों के जरूरी काम लंबित थे, जिन्हें पूरा कराने के लिए रविवार को बैंक पहुंचने वालों की संख्या सामान्य दिनों से अधिक रही। बैंक स्ट्रीट में अलग-अलग बैंकों के बाहर और अंदर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। लोगों ने जमा-निकासी, दस्तावेज संबंधी काम और अन्य बैंकिंग सेवाओं के लिए शाखाओं का रुख किया। कर्मचारियों ने भी लंबित काम निपटाने के लिए ग्राहकों को सेवाएं उपलब्ध कराईं। चार दिन तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहने के बाद रविवार को शाखाएं खुलने से ग्राहकों को अपने जरूरी काम पूरे करने का अवसर मिला। एमपी नगर में दिनभर बैंकिंग गतिविधियां सामान्य दिनों की तुलना में अधिक दिखाई दीं।







