बैंगलोर प्रवास पर विवेक तन्खा, डी. के. शिवकुमार से मिले, स्कूलों के उत्थान, वृक्षारोपण और वॉर मेमोरियल निर्माण पर हुआ मंथन

रोटरी क्लब के माध्यम से ग्रामीण स्कूलों के कायाकल्प और पर्यावरण संरक्षण पर डी. के. शिवकुमार व विवेक तन्खा के बीच हुआ सार्थक विमर्श, बैंगलोर में शहीद सैनिकों के लिए वॉर मेमोरियल और सामाजिक सरोकारों को लेकर डी. के. शिवकुमार से मिले सांसद विवेक तन्खा

बैंगलोर, यशभारत। देश के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं राज्य सभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा अपने दो दिवसीय बैंगलोर प्रवास के दौरान कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार से सौजन्य भेंट करने पहुंचे। इस औपचारिक व महत्वपूर्ण बैठक में ग्रामीण विकास, स्कूली शिक्षा, पर्यावरण और सैनिकों के सम्मान से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से सार्थक चर्चा हुई।
बैठक के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों के आधुनिक सेटअप और उनके समग्र उत्थान को लेकर विशेष विचार-विमर्श किया गया। चर्चा में रोटरी क्लब की सहभागिता के जरिए ग्रामीण विद्यालयों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ वनों में व्यापक स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाने का खाका तैयार करने पर बल दिया गया। इसके अलावा, देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों की स्मृति में बैंगलोर में एक भव्य ‘वॉर मेमोरियल’ के निर्माण को लेकर भी दोनों नेताओं के बीच सकारात्मक बातचीत हुई।
इस अवसर पर विवेक तन्खा के साथ उनके अधिवक्ता पुत्र वरुण तन्खा, राज्य सभा सांसद श्री चंद्रशेखर तथा कर्नाटक रोटरी क्लब के वरिष्ठ सदस्य भी उपस्थित रहे। सभी प्रतिनिधियों ने मिलकर समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण और शिक्षा सुधार से जुड़ी संयुक्त पहलों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।







