नगर निगम के सात मनोनीत पार्षदों ने ली पद एवं दायित्व की शपथ, परिषद की बैठकों और महत्वपूर्ण कार्यों में कर सकेंगे सहभागिता

कटनी, यशभारत। नगर निगम में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा नव मनोनीत सात पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय स्थित सभागार में आयोजित किया गया। समारोह में अतिरिक्त कलेक्टर नीलाम्बर मिश्रा ने सभी मनोनीत पार्षदों को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के साथ ही सभी मनोनीत पार्षद अब नगर निगम परिषद की बैठकों सहित निगम से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण कार्यों में विधिवत रूप से सहभागिता कर सकेंगे। मनोनीत पार्षदों के शपथ ग्रहण से नगर निगम परिषद में उनकी औपचारिक भूमिका भी प्रारंभ हो गई है।
इन पार्षदों ने ली शपथ
शपथ लेने वालों में वेंकटेश मिश्रा (अंबेडकर वार्ड क्रमांक 21), शोभा कुरील (वंशस्वरूप वार्ड क्रमांक 29, गायत्री नगर), प्रमोद तिवारी (रघुनाथ गंज वार्ड क्रमांक 23), अम्बरीष वर्मा ‘अम्बू’ (वार्ड क्रमांक 17, तुलसी नगर-दुबे कॉलोनी), नरेश अग्रवाल (वार्ड क्रमांक 15, राहुल बाग-निमिया), अभिषेक शर्मा (विनोबा भावे वार्ड क्रमांक 15) तथा अनुराग त्रिसोलिया (वार्ड क्रमांक 3, कृषि उपज मंडी) शामिल हैं।
जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी ठंडन, महापौर प्रीति संजीव सूरी, विधायक संदीप जायसवाल, विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह, रामरतन पायल, पीताम्बर टोपनानी, महेश शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। नगर निगम की ओर से राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक सहित अधिकारी एवं कर्मचारी भी समारोह में उपस्थित रहे। समारोह में नव मनोनीत पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए उनके दायित्वों के प्रभावी निर्वहन की अपेक्षा व्यक्त की गई।







