भोपाल

गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए घाटों पर सुरक्षा के इंतजाम

गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए घाटों पर सुरक्षा के इंतजाम

– 13 क्रेन, 12 पोकलेन, 184 गोताखोर और 98 अग्निशमनकर्मी तैनात

भोपाल, यश भारत। अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर नगर निगम ने शहर के प्रमुख घाटों और कुंडों पर व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए क्रेन, पोकलेन मशीन, गोताखोर, अग्निशमन दल, जीवन रक्षक उपकरण और नियंत्रण कक्ष तैयार किए गए हैं।
निगम ने सात प्रमुख विसर्जन स्थलों पर 13 क्रेन, 12 पोकलेन मशीन, 184 गोताखोर और 98 अग्निशमनकर्मियों को तैनात किया है। घाटों और चल समारोह मार्गों पर 1665 एलईडी फ्लड लाइट लगाई गई हैं। प्रेमपुरा, रानी कमलापति, खटलापुरा, संत हिरदाराम नगर, शाहपुरा, हथाईखेड़ा और मालीखेड़ी में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

प्रेमपुरा घाट पर चार क्रेन, दो पोकलेन मशीन, 46 गोताखोर और 24 अग्निशमनकर्मी तैनात रहेंगे। रानी कमलापति घाट पर दो क्रेन, दो पोकलेन, 36 गोताखोर और 12 अग्निशमनकर्मी व्यवस्था संभालेंगे। अन्य घाटों पर भी आवश्यक संख्या में मशीनरी और सुरक्षा दल तैनात किए गए हैं।

1790254034 WhatsApp Image 2026 09 24 at 09.34.59

घाटों पर लाइफ जैकेट, लाइफबॉय, ट्यूब, रस्सी, कांटा और ध्वनि विस्तारक यंत्र उपलब्ध कराए गए हैं। प्रत्येक विसर्जन स्थल पर नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। मूर्तियों के अवशेषों को भी तत्काल हटाने की व्यवस्था की गई है, ताकि घाटों पर स्वच्छता बनी रहे और आगे आने वाली प्रतिमाओं के विसर्जन में परेशानी न हो।
भोपाल में तीन दिनों तक चलने वाले गणेश प्रतिमा विसर्जन समारोह को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। विसर्जन पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस अधिकारियों ने पहले ही शांति समिति की अहम बैठक ली, जिसमें सुरक्षा, घाट व्यवस्था, बिजली, सड़क और जल आपूर्ति जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अन्य प्रशासनिक विभागों के साथ समन्वय बनाया गया।

​शहर में कई जगह चल रहे मेट्रो निर्माण कार्य के कारण विसर्जन जुलूस में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने खुद मैदान में उतरकर संवेदनशील इलाकों और मार्गों का जायजा लिया। सभी चिन्हित विसर्जन घाटों पर पर्याप्त रोशनी, गोताखोरों की तैनाती, सुरक्षा बल और क्रेन की समुचित व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही विसर्जन मार्गों पर सुगम यातायात बनाए रखने के लिए विशेष रूट डायवर्जन लागू किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button