मुख्य ख़बरें

मेडिकल कॉलेज पर पुनर्विचार की मांग: विधायक मलैया ने सीएम डॉ. मोहन यादव को सौंपा पत्र, सियासी हलचल तेज

मेडिकल कॉलेज को PPP मॉडल पर नहीं, शासकीय स्तर पर संचालित करने की मांग

दमोह। निर्माणाधीन नवीन मेडिकल कॉलेज को PPP मॉडल पर संचालित किए जाने के प्रस्ताव पर दमोह विधायक जयंत मलैया ने पुनर्विचार की मांग की है। गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज दमोह और आसपास के क्षेत्रों के लिए स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, रोजगार एवं विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण संस्थान है। उन्होंने इसे शासकीय स्तर पर संचालित किए जाने की मांग मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष रखी है।

विधायक मलैया ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस संबंध में पत्र सौंपा है। पत्र के अनुसार मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए करीब 355 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है और भवन निर्माण सहित अन्य कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा चुके हैं। वहीं फर्नीचर एवं उपकरणों के लिए करीब 25.93 करोड़ रुपये तथा अस्पताल भवन में बायोमेडिकल उपकरणों की स्थापना के लिए करीब 20.15 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। मेडिकल कॉलेज के लिए करीब 12.14 हेक्टेयर भूमि भी आवंटित की गई है।
गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को मिल सके सस्ती स्वास्थ्य सुविधा
विधायक ने कहा कि इतनी बड़ी राशि से तैयार हो रहा मेडिकल कॉलेज केवल एक भवन नहीं, बल्कि दमोह सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सा शिक्षा, रोजगार और क्षेत्रीय विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है। कृषि एवं सीमित आय पर निर्भर बड़ी आबादी वाले दमोह जिले में शासकीय मेडिकल कॉलेज के माध्यम से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को सुलभ एवं किफायती उपचार उपलब्ध कराने के साथ युवाओं के लिए चिकित्सा शिक्षा, प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर भी विकसित हो सकते हैं।
दो प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण की मांग
मुख्यमंत्री को सौंपे पत्र में विधायक जयंत मलैया ने दमोह शहर के विकास से जुड़े दो अन्य मुद्दे भी उठाए हैं। शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए उन्होंने सुभाष कॉलोनी से जबलपुर नाका चौकी तक तथा सीताबावड़ी से हटा नाका तक के मार्गों के चौड़ीकरण की मांग की है।
इसके अलावा शहर में नवीन गीता भवन (ऑडिटोरियम) के निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आग्रह किया गया है, जिससे सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए शहर को आधुनिक सुविधा मिल सके।
सिंचाई परियोजनाओं से किसानों को लाभ का उल्लेख
विधायक मलैया ने कृषि एवं सिंचाई क्षेत्र से जुड़े कार्यों का उल्लेख करते हुए सतधरू, सीतानगर, पंचमनगर, साझली, जुड़ी सहित विभिन्न सिंचाई एवं स्टॉपडैम परियोजनाओं से किसानों को लाभ पहुंचाने के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक समृद्धि का सीधा प्रभाव स्थानीय बाजार और जिले की अर्थव्यवस्था पर पड़ता है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मेडिकल कॉलेज के संचालन संबंधी निर्णय पर पुनर्विचार कर इसे शासकीय स्तर पर संचालित करने के साथ ही प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण और नवीन गीता भवन के निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आग्रह किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button