फिटनेस-परमिट की अनदेखी पर परिवहन विभाग का शिकंजा
18 स्कूल बसों और 22 यात्री बसों की जांच, दो बसों की फिटनेस निरस्त

फिटनेस-परमिट की अनदेखी पर परिवहन विभाग का शिकंजा
18 स्कूल बसों और 22 यात्री बसों की जांच, दो बसों की फिटनेस निरस्त

बिना परमिट बसें, ओवरलोड मालवाहक और बिना फिटनेस एंबुलेंस जब्त
कटनी। स्कूल बसों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग की जांच में ही नियमों की कई खामियां सामने आईं। जिले में चले सघन जांच अभियान में 18 स्कूल बसों और 22 यात्री बसों की जांच की गई। दो स्कूल बसों में कैमरा नहीं मिला, VLTD चालू नहीं था और अन्य सुरक्षा संबंधी कमियां भी पाई गईं। दोनों बसों की फिटनेस निरस्त कर उन्हें कुठला थाने में खड़ा कराया गया।
ग्लोबल पब्लिक स्कूल की बस क्रमांक MP21ZG7043 और वेल वेदर स्कूल की बस क्रमांक MP21P0445 पर यह कार्रवाई हुई। विभाग ने दोनों स्कूल संचालकों को कमियां दूर कराने और दोबारा फिटनेस कराए बिना बसों का संचालन नहीं करने के निर्देश दिए हैं। बिना फिटनेस संचालन मिलने पर जिम्मेदारी संबंधित स्कूल संचालक की होगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जांच में यात्री बसों की स्थिति भी सामने आई। दो बसें बिना वैध परमिट के संचालित मिलीं। दोनों को जब्त कर कुठला थाने में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया। वहीं निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चल रहे एक मालवाहक वाहन को बड़वारा थाना क्षेत्र में जब्त किया गया।
इसी दौरान बिना वैध फिटनेस संचालित एक एंबुलेंस भी पकड़ी गई। उसे भी जब्त कर कुठला थाने में खड़ा कराया गया। परिवहन विभाग की कार्रवाई में अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल के नेतृत्व में टीम ने परमिट, फिटनेस, दस्तावेज और सुरक्षा मानकों की जांच की।
एक ही दिन में स्कूल बस से लेकर यात्री और मालवाहक वाहनों तक मिली अनियमितताओं ने यह सवाल भी खड़ा किया है कि नियमित जांच से पहले संचालक सुरक्षा और वैधानिक दस्तावेजों को लेकर कितने गंभीर हैं। विभाग ने वाहन संचालकों से परमिट, फिटनेस, बीमा, कर और अन्य दस्तावेज अद्यतन रखने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने को कहा है। जांच अभियान आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।







